पति लेकर नहीं आया गैस सिलेंडर तो मायके चली गई पत्नी, बोली-लकड़ी-उपलों से नहीं बना पाउंगी खाना

ग्रेटर नोएडा के रबूपुरा थाना क्षेत्र इलाके के भन्नातागा गांव निवासी दिनेश के यहां एक हफ्ते से रसोई गैस खत्म है. पत्नी लकड़ी और उपलों पर खाना बना रही थी. बार-बार कहने के बावजूद पति सिलेंडर का बंदोबस्त नहीं कर पाया. ऐसे में नाराज पत्नी ससुराल छोड़ अपने मायके चली गई.

पत्नी नहीं ले आया गैस सिलेंडर तो पत्नी चली गई मायके Image Credit:

ग्रेटर नोएडा के रबूपुरा कोतवाली क्षेत्र में रसोई गैस सिलेंडर की कमी के चलते घरेलू विवाद का हैरान करने वाला मामला सामने आया है. दरअसल, यहां गैस खत्म होने और नया सिलेंडर न मिलने से नाराज एक महिला अपने पति को छोड़कर मायके चली गई है. इस वाकये की इलाके में काफी चर्चा हो रही है.

रबूपुरा थाना क्षेत्र इलाके के भन्नातागा गांव निवासी दिनेश खुर्जा में एक बिल्डिंग मटेरियल सप्लायर की दुकान पर ट्रैक्टर चालक का काम करता है. करीब सात साल पहले उसकी शादी हुई थी. उसके दो बच्चे हैं. बताया जा रहा है कि करीब एक सप्ताह पहले उसके घर का रसोई गैस सिलेंडर खत्म हो गया था.

लकड़ी और उपलों से खाना बना रही थी पत्नी

गैस खत्म होने के बाद महिला लकड़ी और उपलों से खाना बना रही थी. आरोप है कि पति कई दिनों से नया गैस सिलेंडर लाने में लापरवाही बरत रहा था. इसी बात को लेकर पति-पत्नी के बीच विवाद बढ़ता गया. गैस सिलेंडर को लेकर दोनों के बीच कहासुनी हो गई.

पति को छोड़ पत्नी मायके चली गई

नाराज होकर महिला ने साफ कह दिया कि अगर घर में गैस सिलेंडर नहीं आया तो वह ससुराल में नहीं रहेगी. इस बीच सोमवार यानी 16 मार्च को महिला अपने पति को छोड़कर मायके चली गई. महिला के मायके जाने के बाद यह मामला पूरे गांव में चर्चा का विषय बन गया है.

गैस सिलेंडर की किल्लत के चलते घरेलू विवाद बढ़ा

ग्रामीणों का कहना है कि गैस सिलेंडर की कीमत के कारण लोगों को काफी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है. कई जगहों पर इससे घरेलू विवाद भी बढ़ रहे हैं. फिलहाल, इस मामले में पति द्वारा थाने पर कोई शिकायत भी नहीं दी गई है. लेकिन इस भारी किल्लत के बीच हर इलाकों और जिलों से ऐसी चौंकाने वाली खबरें निकलकर सामने आ रही है.

Follow Us