मॉस्को में क्यों गिरफ्तार हुआ नोएडा का इंजीनियर? पत्नी को रुसी सेना में भेजे जाने का डर
नोएडा के इंजीनियर चंदन गुप्ता को मॉस्को में गिरफ्तार किया गया है. उनकी पत्नी ने सोशल मीडिया पर वीडियो जारी कर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से मदद मांगी है. उन्हें डर है कि उनके पति को जबरन रूसी सेना में शामिल किया जा सकता है. चंदन का 10 साल का एक बेटा भी है.
नोएडा के एक कंपनी में काम करने वाले इंजीनियर चंदन गुप्ता को मास्को पुलिस ने गिरफ्तार किया है. चंदन की पत्नी ने सोशल मीडिया पर वीडियो जारी कर उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से पति की सुरक्षित रिहाई के लिए मदद की गुहार लगाई है. महिला को डर है कि कहीं उन्हें रूस की सेना में शामिल होने के लिए ना भेज दिया जाए.
जानकारी के मुताबिक, कानपुर निवासी चंदन गुप्ता नोएडा के सेक्टर-62 स्थित यूप्लेक्स कंपनी में इंजीनियर के तौर पर काम करते हैं. उनकी पत्नी के मुताबिक, दोनों कंपनी के काम से मॉस्को गए थे और वहीं रह रहे थे. इसी दौरान मॉस्को पुलिस ने चंदन को गिरफ्तार कर लिया. पत्नी ने सोशल मीडिया पर करीब 15 सेकंड का वीडियो जारी कर अपनी परेशानी बताई.
‘मॉस्को डे’ के सिलसिले में गिरफ्तारी का दावा
चंदन की पत्नी का आरोप है कि उनके पति को ‘मॉस्को डे’ से जुड़े मामले में गिरफ्तार कर जेल में रखा गया है. महिला को आशंका है कि उनके पति को जबरदस्ती या किसी तरह के दबाव में रूसी सेना में शामिल होने के लिए भेजा जा सकता है. इसी आशंका को लेकर उन्होंने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से तत्काल हस्तक्षेप की अपील की है.
उन्होंने सोशल मीडिया यूजर्स से भी वीडियो को ज्यादा से ज्यादा शेयर करने और उनके पति की मदद के लिए आवाज उठाने की अपील की है. वहीं, एक न्यूज रिपोर्ट के मुताबिक, चंदन को 5 सितंबर की रात मॉस्को के रेड स्क्वायर इलाके से पुलिस ने गिरफ्तार किया था. उन पर दोस्त के साथ शराब के नशे में एंबुलेंस के शीशे तोड़ने का आरोप लगा है.
भारतीय दूतावास से संपर्क का दावा
महिला ने अन्य वीडियो में बताया कि वह लगातार भारतीय दूतवास से संपर्क करने की कोशिश कर रही है. उनके मुताबिक दूतवास के अधिकारी उनके पति की रिहाई का आश्वासन दे रहे हैं लेकिन उन्हें पर्याप्त मदद नहीं मिल रही है. उन्होंने दूतवास से अपने पति से मिलने की अनुमति देने की भी मांग की है. दूतवास की ओर से जवाब दिए जाने की बात भी आई है.
दुतवास ने कहा है कि उसने सोशल मीडिया पर एक भारतीय नागरिक द्वारा अपने पति को लेकर की गई पोस्ट देखी और इस मामले में महिला तथा स्थानीय अधिकारियों के संपर्क में है. दूतवास में यह भी बताया कि मामला कानून परिवर्तन अधिकारियों के मुताबिक कानूनी प्रक्रिया के तहत जांच में है. हालांकि रूसी सेना में भेजे जाने की आशंका की स्वतंत्र पुष्टि नहीं हुई है.