पूर्व IAS की मौत से 8 दिन पहले शादी, फिर करोड़ों की संपत्ति पर दावा; कथित पत्नी समेत 9 पर FIR
नोएडा में पूर्व IAS अधिकारी की संपत्ति पर धोखाधड़ी का मामला सामने आया है. बेटी की शिकायत पर कोर्ट के आदेश से 9 लोगों पर FIR दर्ज की गई है. आरोप है कि पिता की मृत्यु के बाद एक महिला ने फर्जी शादी कर संपत्ति हड़पने की कोशिश की. पुलिस अब मामले की जांच कर रही है.
नोएडा में पूर्व IAS अधिकारी हरिशंकर मिश्रा की मौत के बाद उनकी संपत्ति को लेकर कथित फर्जीवाड़े का मामला सामने आया है. उनकी बेटी रंजना मालवीय का आरोप है कि पिता की मृत्यु के बाद एक महिला ने फर्जी शादी कर संपत्ति हड़पने की कोशिश की. वहीं, कोर्ट के आदेश पर अब कथित पत्नी समेत 9 लोगों के खिलाफ FIR दर्ज किया गया है.
शिकायत के मुताबिक, हरिशंकर मिश्रा सेवानिवृत्त आईएएस अधिकारी थे और नोएडा के सेक्टर-119 स्थित अमरपाली प्लेटिनम सोसाइटी में रहते थे. 11 जुलाई 2024 को बीमारी के दौरान उनकी मौत हो गई थी. आरोप है कि इसके बाद एक साजिश के तहत 30 वर्षीय शिखा नामक महिला के साथ उनके पिता का विवाह पंजीकृत करा दिया गया.
मौत से 8 दिन पहले शादी का दावा
शिकायतकर्ता के मुताबिक, यह विवाह पिता की मृत्यु से महज 8 दिन पहले यानी 3 जुलाई 2024 को कराया गया था. आरोप है इसके बाद शिखा का कथित फर्जी आधार कार्ड तैयार कराया गया और उसके आधार पर उसे पैतृक संपत्ति का एकमात्र वारिस घोषित करने की कोशिश की गई. बेटी का दावा है कि यह विवाह उनकी जानकारी के बिना एक साजिश के तहत था.
शिकायत में नोएडा के सेक्टर 66 में करीब 7 करोड रुपए मूल्य के प्लाट सेक्टर 62 में दुकान और सोसाइटी में चार फ्लैट समेत के संपत्तियों का जिक्र किया गया है. आरोप है कि इन सब संपत्ति पर कब्जा करने के उद्देश्य से आरोपियों ने साजिश रची. और भूखंड दिलाने के नाम पर 30 लाख रुपए भी लिए और कुछ दस्तावेजों पर हस्ताक्षर भी कराए.
कथित पत्नी समेत 9 लोगों पर FIR
शिकायतकर्ता को बाद में जब कथित विवाह और संपत्ति से जुड़े दस्तावेजों की जानकारी हुई तो उन्होंने कोर्ट का रुख किया. वहीं, कोर्ट के आदेश के बाद सेक्टर-24 थाने में शिखा, उसके कथित पति सतवीर, भाई गुड्डू, साजिद, जितेंद्र, उपासना, जावेद, मनवीर और राकेश राय समेत कुल 9 लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है.
सेक्टर-24 थाना प्रभारी ने बताया कि पुलिस अब दस्तावेजों विवाह पंजीकरण संपति, आधार कार्ड और बैंक लेनदेन से जुड़े रिकॉर्ड की जांच कर रही है. जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी.
