डीप-फ्राइड चिकन में कीड़ा! वीडियो वायरल होते मचा हड़कंप, KFC पहुंची खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम

ग्रेटर नोएडा KFC में डीप-फ्राइड चिकन में कीड़ा मिलने का वीडियो वायरल हुआ है. ग्राहक द्वारा बनाए इस वीडियो पर संज्ञान लेकर खाद्य सुरक्षा विभाग ने KFC आउटलेट पर जाकर जांच की और सैंपल लिए. विभाग अब वीडियो बनाने वाले ग्राहक की तलाश कर रहा है. यह घटना KFC की गुणवत्ता और खाद्य सुरक्षा मानकों पर गंभीर सवाल उठाती है.

केएफसी के खाने में मिला कीड़ा Image Credit:

राष्ट्रीय राजधानी से सटे उत्तर प्रदेश के ग्रेटर नोएडा वेस्ट में एक हैरान करने वाली घटना हुई है. यहां गौर सिटी मॉल स्थित KFC में डीप-फ्राइड चिकन के अंदर कीड़ा मिला है. एक ग्राहक ने इसका वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर डाल दिया. इस समय यह वीडियो तेजी से वायरल हो रहा है. वायरल वीडियो की जानकारी होने पर खाद्य सुरक्षा विभाग भी एक्शन में आ गया है. विभागीय टीम ने रविवार को केएफसी में जाकर खाद्य पदार्थों की जांच की है.

सोशल मीडिया में वायरल हो रहे वीडियो के मुताबिक एक ग्राहक गौर सिटी मॉल स्थित KFC आउटलेट से डीप-फ्राइड चिकन ऑर्डर किया था. उसने जैसे ही चिकन खाना शुरू किया, उसमें मरा हुआ कीड़ा तैरता नजर आया. ग्राहक ने तत्काल इसका वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर अपलोड कर दिया. बताया जा रहा है कि उसने स्टोर प्रबंधन को शिकायत भी दी. फिलहाल केएफसी जैसे नामी ब्रांड की गुणवत्ता पर सवाल खड़े हुए हैं.

एक्शन में खाद्य सुरक्षा विभाग

वीडियो वायरल होने पर खाद्य सुरक्षा विभाग ने मामले का संज्ञान लिया है. खाद्य सुरक्षा विभाग की एक टीम ने KFC आउटलेट पर पहुंचकर जांच शुरू कर दी है. खाद्य सुरक्षा अधिकारी सर्वेश कुमार ने बताया कि डीप-फ्राइड चिकन में कीड़ा मिलने का दावा करने वाला वीडियो वायरल होने के बाद टीम ने संबंधित KFC स्टोर पर पहुंचकर चेकिंग की है. कुछ सैंपल भी लिए गए हैं. इनकी जांच हो रही है.

ग्राहक की तलाश में टीम

खाद्य सुरक्षा अधिकारी सर्वेश कुमार के मुताबिक उस ग्राहक की भी तलाश कराई जा रही है, जिसने वीडियो वायरल किया है. उससे बात करने पर ही वास्तविक स्थिति की जानकारी हो सकेगी. फिलहाल खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम अपने स्तर पर KFC आउटलेट में खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता और अन्य व्यवस्थाओं की गहनता से जांच कर रही है. जांच के दौरान किसी तरह की खामी पाए जानें पर आगे की कार्रवाई होगी.

Follow Us