नवरात्रि भोग में कुट्टू के आटा के नाम पर बेचा जा रहा जहर! नोएडा में हुई बड़ी कार्रवाई; मचा हड़कंप

नोएडा में खाद्य सुरक्षा विभाग ने नवरात्र से पहले कुट्टू आटे में मिलावट के खिलाफ बड़ी कार्रवाई की है. विभागीय टीम ने लगभग 400 किलो संदिग्ध कुट्टू का आटा जब्त किया है. इसे बिना पैकिंग और एक्सपायरी जानकारी के बेचा जा रहा था. यह कार्रवाई पिछले महाशिवरात्रि पर हुई मिलावट की घटना के बाद की गई है.

कुट्टू का आटा सीज करते खाद्य सुरक्षा अधिकारी Image Credit:

हमेशा की तरह नवरात्र शुरू होते ही मिलावटखोर सक्रिय हो गए हैं. खासतौर पर व्रत में खाए जाने वाले कुट्टू के आटे में मिलावट के मामले सामने आए हैं. नवरात्रि से एक दिन पहले मंगलवार को खाद्य सुरक्षा विभाग ने नोएडा में बड़ी कार्रवाई करते हुए करीब 400 किलो कुट्टू का आटा जब्त किया है. इसी के साथ विभिन्न बाजारों में छापेमारी कर व्रत में खाए जाने वाले अन्य पदाथों की भी जांच पड़ताल की है. अचानक एक्शन में आए खाद्य सुरक्षा विभाग की इस कार्रवाई से नोएडा के बाजारों में हड़कंप मच गया है.

जिला खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन की टीम ने मंगलवार को ग्रेटर नोएडा के कुलेसरा स्थित प्रतिष्ठान संतोष ट्रेडर्स पर छापेमारी की. यहां करीब 240 किलो संदिग्ध पदार्थ मिला, जिसे कुट्टू का आटा बताकर बेच जा रहा था. इस आटे की ना तो कोई पैकिंग थी और ना ही कोई बिल-वाउचर. जिस बोरी में ये आटा रखा हुआ था, उसपर इसके बनने की तिथि या एक्सपायरी संबंधी कोई जानकारी नहीं थी. इसे खाद्य सुरक्षा विभाग ने मानकों का उल्लंघन मानते हुए जब्त कर लिया है. इस टीम ने इसके बाद नोएडा के अलग अलग बाजारों में दबिश देकर करीब 160 किलो और संदिग्ध पदार्थ जब्त किया है. इसे भी कुट्टू का आटा बताकर बेचने के लिए रखा गया था.

लैब में भेजे गए नमूने

खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम ने अलग अलग दुकानों से लिए गए कुल 7 खाद्य पदाथों के सैंपल लेकर जांच के लिए प्रयोगशाला भेजा है. अधिकारियों के मुताबिक यह छापेमारी एहियातन शुरू की गई है. दरअसल, अभी हाल ही में ग्रेटर नोएडा वेस्ट में महाशिवरात्रि के दौरान एक सोसायटी में 160 से अधिक लोग कुट्टू का आटा खाने से बीमार हुए थे. यह स्थिति कुट्टू के आटे में मिलावट की वजह से बनी थी. ऐसे में इस नवरात्रि को लेकर खाद्य सुरक्षा विभाग पहले से ही एक्टिव हो गया है.

कड़े एक्शन को तैयार विभाग

खाद्य सुरक्षा विभाग के अधिकारियों के मुताबिक जिले में कहीं भी बिना बिल, बिना लेवल और एक्सपायरी या निर्माण तिथि के बिना खाद्य पदार्थ बेचने की अनुमति नहीं है. रैंडम छापेमारी शुरू कर दी गई है. जहां कहीं भी इस तरह के संदिग्ध पदार्थ बिकते पाए जाएंगे, संबंधित दुकानदार के खिलाफ कड़ा से कड़ा एक्शन लिया जाएगा. जरूरी होगा तो संबंधित को अरेस्ट भी कराया जाएगा. अधिकारियों के मुताबिक नवरात्रि जैसे त्योहारों में व्रत में इस्तेमाल होने वाले पदार्थों की मांग बढ़ जाती है. मिलावटखोर इसका फायदा उठाकर मिलावटी और घटिया सामग्री बाजार में उतार देते हैं.

Follow Us