नोएडा के आईवी काउंटी सोसायटी में भीषण आग, धूं-धूं कर जलने लगे फ्लैट, रेस्क्यू ऑपरेशन जारी
नोएडा के आईवी काउंटी सोसायटी के 12वें फ्लोर के फ्लैट में आग लगने की घटना सामने आई है. बॉलकनी में धुएं का गुबार और आग की लपटें देख सोसायटी में रहने वाले लोगों के बीच दहशत का माहौल है. सुरक्षा के लिहाज से जिस टावर में आग लगी है उसके आसपास के फ्लैटों को तुरंत खाली करा लिया गया है. सबको सीढ़ी के रास्ते नीचे उतार लिया गया है.
नोएडा सेक्टर 75 स्थित आईवी काउंटी सोसायटी में भीषण आग लग गई है. प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक ये आग सोसायटी के दो फ्लैट में लगी है. आग लगने के बाद सोसायटी में हड़कंप मच गया है. फिलहाल, आग पर काबू पाने की कोशिश की जा रही है. फायर ब्रिगेड की टीम मौके पर पहुंच गई है. अब तक आग लगने की वजहों का पता नहीं चल पाया है. बता दें कि हाल-फिलहाल में दिल्ली-एनसीआर में आग लगने की घटनाएं तेजी से बढ़ी हैं.
आग की लपटें देख सहमे सोसायटी के लोग
यह आग सोसायटी के 12वें फ्लोर पर लगी है. बॉलकनी में धुएं का गुबार और आग की लपटें देख सोसायटी में रहने वाले लोगों के बीच दहशत का माहौल है. 12वां फ्लोर होने के चलते आग पर काबू पाने के लिए मशक्कत करनी पड़ रही है. सुरक्षा के लिहाज से जिस टावर में आग लगी है उसके आसपास के फ्लैटों को तुरंत खाली करा लिया गया है. सबको सीढ़ी के रास्ते नीचे उतार लिया गया है.
किसी के हताहत होने की सूचना नहीं
घटना के दौरान किसी के हताहत होने की तत्काल कोई सूचना नहीं मिली है. एहतियात के तौर पर मेडिकल टीमों को भी मौके पर तैनात किया गया है.बता दें कि आग की इस घटना ने एक बार फिर ऊंची आवासीय इमारतों में फायर सिक्योरिटी सिस्टम को लेकर सवाल खड़े कर दिए हैं.
शॉर्ट सर्किट और तकनीकी खराबी की आशंका जताई जा रही
आशंका जताई जा रही है कि आग लगने की वजह शॉर्ट सर्किट या कोई तकनीकी खराबी हो सकती है. लेकिन इसकी पुष्टि नहीं की गई है. अधिकारियों का कहना है कि जांच के बाद ही आग लगने की स्पष्ट वजहों को हम बता पाएंगे. फिलहाल, उनका पूरा फोकस आग पर काबू पाने और ज्यादा नुकसान से सोसायटी के लोगों को बचाने पर है. दमकल विभाग की टीम आग पर पूरी तरह नियंत्रण पाने के लिए लगातार प्रयास कर रही है.