बोटॉनिकल गार्डन से सेक्टर 142 और बोड़ाकी तक दौड़ेगी मेट्रो, NMRC ने जारी किया टेंडर; कब शुरू होगा काम?
नोएडा मेट्रो रेल कॉर्पोरेशन ने बोटॉनिकल गार्डन से सेक्टर 142 और ग्रेटर नोएडा डिपो से बोड़ाकी तक नई मेट्रो परियोजनाओं के लिए टेंडर जारी कर दिए हैं. 2254 करोड़ के इस विस्तार से नोएडा, ग्रेटर नोएडा और दिल्ली के बीच आवागमन पहले से अधिक सुगम हो जाएगा. यह एक्वा लाइन विस्तार मैजेंटा व ब्लू लाइन से जुड़ेगा, जिससे लाखों यात्रियों को ट्रैफिक से राहत मिलेगी और यात्रा तेज होगी.
हैवी ट्रैफिक से जूझ रहे नोएडा और ग्रेटर नोएडा के लिए एक राहत भरी खबर है. बोटॉनिकल गार्डन से सेक्टर 142 और बोडाकी तक मेट्रो चलाने की योजना अब आकार लेने लगी है. नोएडा मेट्रो रेल कॉरपोरेशन (NMRC) ने एक्वा लाइन मेट्रो विस्तार और नई लिंक लाइन प्रोजेक्ट के लिए हरी झंडी देते हुए 2254 करोड रुपए का बजट जारी कर दिया है. एनएमआरसी ने इन दोनों प्रोजेक्ट के लिए टेंडर जारी कर दिए हैं.
इन परियोजनाओं के पूरा होने के बाद दिल्ली नोएडा ग्रेटर नोएडा के बीच सफर पहले से ज्यादा आसान और तेज हो जाएगा. एनएमआरसी की ओर से जारी टेंडर में दो प्रमुख परियोजनाओं को शामिल किया गया है. पहली परियोजना ग्रेटर नोएडा डिपो से बोड़ाकी रेलवे स्टेशन तक एक्वा लाइन विस्तार की है. जिसकी लंबाई करीब 2.6 किलोमीटर है. वहीं दूसरी परियोजना सेक्टर 142 से बोटॉनिकल गार्डन तक लिंक लाइन का है. इसकी लंबाई लगभग 11.56 किलोमीटर है.
अगस्त में शुरू होगा काम
अधिकारियों के मुताबिक 30 दिन में निर्माण कंपनी का चयन कर लिया जाएगा. फिर अगस्त महीने में इन दोनों परियोजनाओं पर सिविल कार्य शुरू कर दिया जाएगा. इससे करीब दो लाख यात्रियों को सीधा लाभ मिलेगा. इससे मैजेंटा और ब्लू लाइन यात्रियों को भी राहत मिलेगी. अभी तक एक्वा लाइन के यात्रियों को दिल्ली जाने के लिए कई बार इंटरचेंज करना पड़ता है.
लेकिन नई लिंक लाइन बनने के बाद सफर काफी आसान हो जाएगा. सेक्टर 142 से बोटॉनिकल गार्डन तक बनने वाली लिंक लाइन सीधे दिल्ली मेट्रो की ब्लू और मैजेंटा लाइन से जुड़ेगी. इससे द्वारका जनकपुरी नोएडा सेक्टर 62 आईजीआई एयरपोर्ट और आनंद विहार जैसे प्रमुख इलाकों तक पहुंचना आसान हो जाएगा.
29.707 किलोमीटर लंबे ट्रैक का होगा विस्तार
वर्तमान में नोएडा और ग्रेटर नोएडा के बीच एक्वा लाइन सेक्टर 51 से ग्रेटर नोएडा डिपो तक संचालित होती है. इसकी कुल लंबाई 29.707 किलोमीटर है. नए विस्तार के बाद मेट्रो नेटवर्क और मजबूत होगा तथा यात्रियों को बेहतर कनेक्टिविटी मिलेगी. एनएमआरसी की योजना के अनुसार सेक्टर 142 से बोटॉनिकल गार्डन तक बनने वाले लिंक कॉरिडोर पर आठ स्टेशन प्रस्तावित हैं.
इनमें सेक्टर 44, सेक्टर 96, नोएडा प्राधिकरण क्षेत्र में सेक्टर 97, सेक्टर 105, सेक्टर 108, सेक्टर 93 और पंचशील बालक इंटर कॉलेज स्टेशन शामिल हैं. सेक्टर 142 इस कॉरिडोर का अंतिम स्टेशन होगा जो पहले से तैयार है.
बोडाकी रूट पर होंगे 2 स्टेशन
ग्रेटर नोएडा डिपो से बोड़ाकी तक बनने वाले 2.6 किलोमीटर लंबे रूट पर दो स्टेशन बनाए जाएंगे. इनमें जुनपत और बोड़ाकी स्टेशन शामिल है. इससे रेलवे स्टेशन तक पहुंचने वाले यात्रियों को काफी सुविधा मिलेगी. एनएमआरसी के प्रबंध निदेशक कृष्ण करूणेश ने बताया कि एक्वा लिंक लाइन और विस्तार परियोजना से इस रूट पर करीब दो लाख यात्रियों की राइडरशिप बढ़ने की संभावना है. वर्तमान में अक्वालाइन पर प्रतिदिन करीब 80 हजार यात्री सफर करते हैं. यात्रियों की बढ़ती संख्या को देखते हुए निर्माण कार्य शुरू करने के लिए टेंडर जारी किए गए हैं.