ग्रेटर नोएडा में एक और ‘निक्की हत्याकांड’, प्रापर्टी के लिए महिला की हत्या; पुलिस ने जलती चिता से उठाया शव

ग्रेटर नोएडा में निक्की हत्याकांड जैसी एक और वारदात सामने आई है. संपत्ति विवाद में एक बार फिर एक पति ने अपनी 22 वर्षीय पत्नी मोनिका नागर की हत्या कर दी. आरोपी शव जलाने का प्रयास कर रहा था, लेकिन पुलिस ने समय रहते जलती चिता से शव बरामद कर लिया. मामला दादरी थाना क्षेत्र का है, जहां पति अनुज चौहान ने संपत्ति हथियाने के लालच में वारदात को अंजाम दिया. पुलिस ने आरोपी की धरपकड़ शुरू कर दी है.

मोनिका नागर Image Credit:

राष्ट्रीय राजधानी से सटे उत्तर प्रदेश के ग्रेटर नोएडा में निक्की हत्याकांड जैसी एक और वारदात हुई है. इस वारदात में पहले विवाहिता की हत्या हुई और फिर उसके शव को जलाने की कोशिश की गई. हालांकि समय रहते सूचना मिलने पर पहुंची पुलिस ने जलती चिता से शव को उतार कर कब्जे में लिया है. इस वारदात की खबर से पूरे जिले में हड़कंप मच गया है. वारदात ग्रेटर नोएडा में दादरी थाना क्षेत्र के घोड़ी बछेड़ा गांव का है. इस संबंध में विवाहिता के परिजनों ने पुलिस में मुकदमा दर्ज कराया है.

पुलिस को दिए शिकायत में परिजनों ने बताया कि 22 वर्षीय विवाहिता मोनिका नागर की शादी आरोपी के साथ तीन महीने पहले ही हुई थी. दोनों काफी समय से एक दूसरे के प्यार में थे. मोनिका की मां ने आरोप लगाया कि आरोपी ने मोनिका की प्रापर्टी की लालच में पहले प्रेम जाल में फंसाया और कोर्ट में ले जाकर शादी कर ली. इस शादी के बाद वह लगातार मोनिका की प्रापर्टी अपने नाम कराने के लिए दबाव बना रहा था, वहीं जब मोनिका ने इसके लिए मना किया तो आरोपी ने उसकी हत्या कर दी.

दामाद की कार में था बेटी का शव

मोनिका की मां ने पुलिस को बताया कि गुरुवार की शाम उनकी बेटी ने फोन किया था. बताया कि उसके ससुराल वाले उसके साथ मारपीट कर रहे हैा. इस सूचना पर वह बेटी के ससुराल पहुंची. वहां उसने बेटी के शव को दामाद की गाड़ी में देखा. पीड़ित मां ने बताया कि उनके वहां पहुंचने पर आरोपी दामाद वहां से फरार हो गए. इसके बाद उनकी बेटी का शव सड़क के किनारे जली हालत में बरामद हुआ है.

धरपकड़ में जुटी पुलिस

दादरी थाना पुलिस के मुताबिक म्यू-2 सेक्टर में किराए के मकान में रहने वाली मोनिका की मां ने पुलिस में शिकायत दी है. बताया कि उनकी बेटी ने हाल ही में घोड़ी बछेड़ा निवासी अनुज चौहान के साथ शादी की थी. शादी से पहले दोनों परिवारों में विरोध तो था, लेकिन इनकी शादी के बाद सहमति बन गई थी. बाद में मोनिका और अनुज के बीच प्रापर्टी को लेकर विवाद होने लगे. इसी क्रम में अनुज ने 7 मई को उनकी बेटी की हत्या कर दी.

Follow Us