नशे की लत या पत्नी का वियोग… श्मशान में बजरंग बली की मूर्ति के सामने युवक ने रेत लिया गला

ग्रेटर नोएडा में एक टैक्सी चालक ने बजरंग बली की मूर्ति के सामने गला रेतकर आत्महत्या कर ली. पुलिस जांच में सामने आया कि युवक को गांजे की लत थी, जिसके कारण 6 साल पहले पत्नी छोड़कर चली गई थी. पत्नी के जाने और नशे की वजह से वह मानसिक रूप से परेशान था और जीवन से निराश होकर उसने यह दर्दनाक कदम उठाया.

श्मशान में युवक ने किया सुसाइड Image Credit:

राष्ट्रीय राजधानी से सटे यूपी के ग्रेटर नोएडा में मंगलवार को एक दिल दहला देने वाली घटना हुई है. यहां श्मशान में लगी बजरंग बली की मूर्ति के सामने बैठकर एक टैक्सी चालक ने खुद का गला रेत लिया. इससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई. सूचना मिलने पर पहुंची पुलिस ने शव की पहचान कराई और पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है. पुलिस मामले की जांच कर रही है. पुलिस की प्राथमिक जांच में घटना के कई एंगल निकलकर सामने आए हैं.

घटना ग्रेटर नोएडा में सूरजपुर कोतवाली क्षेत्र के सेक्टर में बने श्मशान का है. श्मशान में मौजूद लोगों ने युवक को खून से लथपथ हालत में देखकर पुलिस को सूचना दी. इसके बाद पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लिया है. घटना स्थल पर ही पुलिस ने खून से सना सब्जी काटने वाला चाकू भी बरामद किया है. पुलिस के मुताबिक युवक की पहचान साकीपुर गांव के रहने वाले 30 वर्षीय राहुल के रूप में हुई है. राहुल टैक्सी चलाता था और इससे होने वाली आमदनी से अपने परिवार का पालन पोषण कर रहा था.

घर में मचा कोहराम

घटना की सूचना मिलते ही राहुल के पिता एवं अन्य परिजन मौके पर पहुंचे. इसके बाद जैसे ही खबर इनके घर में महिलाओं को मिली, कोहराम मच गया. पुलिस इस मामले को फिलहाल आत्महत्या मान रही है. पुलिस के मुताबिक मामले की जांच चल रही है. यदि इसमें कोई अलग एंगल निकलकर आता है तो उसे भी जांच में शामिल किया जाएगा. परिजनों ने भी इस घटना को सुसाइड ही बताया है. कहा कि राहुल काफी समय से परेशान चल रहा था.

क्या है सुसाइड की वजह

सूरजपुर थाना प्रभारी विनोद कुमार के मुताबिक अब तक की जांच में पता चला है कि राहुल को गांजा पीने की लत थी. नशे की इसी आदत की वजह से उसकी पत्नी 6 साल पहले छोड़कर चली गई थी. परिजनों के मुताबिक पत्नी के जाने के बाद से ही राहुल की मानसिक हालत खराब हो गई थी. वह नशे में डूब गया था. वह अपने जीवन से निराश था और अक्सर जान देने की बात करता था. रविवार की शाम को वह तनाव की स्थिति में ही घर से निकला था, लेकिन जब 2 दिन बाद भी वापस नहीं लौटा तो घर वालों ने उसकी खोजबीन शुरू की.