झांसी-बांदा में आसमान से बरसी आग, प्रयागराज में भी गर्मी से बुरे हाल; आज 33 जिलों में लू का अलर्ट

उत्तर प्रदेश में भीषण गर्मी का प्रकोप जारी है, मौसम विभाग ने आज 33 जिलों में लू का अलर्ट जारी किया है. बुंदेलखंड समेत दक्षिणी यूपी में पारा 46 डिग्री सेल्सियस पार कर गया है. अगले चार दिनों तक तापमान में लगातार वृद्धि की आशंका है, जिससे दिन और रात दोनों में अत्यधिक गर्मी महसूस होगी. लोगों को खुले में निकलने से बचने की सलाह दी गई है.

यूपी में मौसम का हाल

उत्तर प्रदेश में एक बार फिर गर्मी ने कहर बरपाना शुरू कर दिया है. मौसम विभाग ने रविवार को एनसीआर में जहां आंधी चलने का अलर्ट जारी किया था, वहीं झांसी, चित्रकूट, बांदा समेत पूरे बुंदेलखंड में भीषण गर्मी पड़ी. यहां तक कि प्रयागराज में भी गर्मी की वजह से बुरे हाल हो गए.मौसम विभाग ने आज फिर प्रदेश के दक्षिणी हिस्से में भीषण गर्मी और लू के थपेड़े चलने की आशंका जताई है. दावा किया गया है कि अगले चार दिनों तक तापमान में लगातार बढ़ोत्तरी हो सकती है.

भारतीय मौसम विभाग के लखनऊ केंद्र से जारी इनपुट के मुताबिक 23 मई तक प्रदेश में गर्मी के मारे हालात खराब हो सकते हैं. इस दौरान अधिकतम और न्यूनतम तापमान में बढ़ोत्तरी के साथ ही इनके बीच का अंतर भी कम हो जाएगा. ऐसी स्थिति में दिन में तो अत्यधिक गर्मी रहेगी ही, रात के समय भी तापमान बढ़ा हुआ रहेगा. इसकी वजह से लोगों के दिन का चैन और रात का सुकून छीन जाने की आशंका है.

33 जिलों में भीषण गर्मी और लू

मौसम विभाग ने आज सोमवार को प्रदेश के 33 जिलों में भीषण गर्मी और लू चलने का अलर्ट जारी किया है. मौसम विभाग की रिपोर्ट के मुताबिक रविवार को प्रदेश में सबसे ज्यादा गर्म बांदा जिला रहा. यहां अधिकतम तापमान 46.4 डिग्री सेल्सियस रिकार्ड किया गया है. वहीं झांसी, प्रयागराज और हमीरपुर, चित्रकूट आदि जिलों में भी भीषण गर्मी पड़ी. नोएडा-गाजियाबाद, मेरठ-मुरादाबाद आदि जिलों में दोपहर के वक्त खुले में निकलना मुश्किल हो गया था.

आज इन जिलों में बरसेगी आग

मौसम विभाग ने आज जिन जिलों में भीषण गर्मी का अलर्ट जारी किया है, उनमें बांदा, चित्रकूट, कौशांबी, प्रयागराज, फतेहपुर, प्रतापगढ़, सोनभद्र, मिर्जापुर, चंदौली, वाराणसी, भदोही, जौनपुर, गाजीपुर, आजमगढ़, मऊ, बलिया, कन्नौज, कानपुर देहात, कानपुर नगर, उन्नाव, रायबरेली, अमेठी, सुल्तानपुर आदि जिले शामिल हैं. इनके अलावा आगरा, फिरोजाबाद, मैनपुरी, इटावा, औरैया, जालौन, हमीरपुर, महोबा, झांसी और ललितपुर आदि जिलों में भीषण गर्मी के साथ ही लू चलने का अलर्ट जारी किया गया है.

अधिकतम तापमान 46 डिग्री पार

उत्तर प्रदेश में खासतौर पर दक्षिणी हिस्से में अधिकतम तापमान 46 डिग्री सेल्सियस के पार चला गया है. वहीं उत्तरी हिस्से के जिलों में भी तापमान 42 डिग्री सेल्सियस से अधिक रिकार्ड किया गया है. नोएडा, गाजियाबाद और मेरठ आदि जिलों में रविवार को अधिकतम तापमान 42.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया. हालात को देखते हुए मौसम विभाग ने 23 मई तक प्रदेश के ज्यादातर हिस्सों में भीषण गर्मी का अलर्ट जारी किया है. मौसम वैज्ञानिकों के मुताबिक इस दौरान खुले में निकलना खतरनाक भी हो सकता है.

Follow Us