नोएडा से लखनऊ तक आंधी-पानी, 30 जिलों में हो सकता है वज्रपात; देखें आज का IMD अलर्ट
उत्तर प्रदेश में मानसून मेहरबान है. नोएडा से लखनऊ तक भारी बारिश और आंधी-पानी का दौर जारी है. मौसम विभाग ने आज 65 से अधिक जिलों में हल्की से मध्यम बारिश और 30 जिलों में वज्रपात का अलर्ट जारी किया है. प्रदेश में लगातार हो रही बारिश की वजह से कई जिलों में तापमान में गिरावट दर्ज हुई है, हालांकि तीन दिन बाद मानसून कमजोर पड़ने की संभावना भी है.
उत्तर प्रदेश के ज्यादातर हिस्सों में मानसून मेहरबान है. आज सोमवार को राजधानी लखनऊ से लेकर नोएडा-गाजियाबाद तक बारिश का मौसम बना हुआ है. भारतीय मौसम विभाग ने आज प्रदेश के 65 से अधिक जिलों में हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है. वहीं 30 से अधिक जिलों में गरज-चमक के साथ वज्रपात का अलर्ट है. मौसम विभाग के लखनऊ केंद्र से जारी ताजा बुलेटिन के मुताबिक पूर्वांचल के गाजीपुर मऊ, बलिया, देवरिया, गोरखपुर और महाराजगंज आदि 14 से अधिक जिलों में भारी बारिश हो सकती है.
मौसम विभाग के मुताबिक आज उत्तर प्रदेश के महाराजगंज, मेरठ, गौतमबुद्ध नगर, कुशीनगर, गाजियाबाद, अलीगढ़, मुजफ्फरनगर, मथुरा, आगरा, अलीगढ़, एटा, मैनपुरी, देवरिया, महामाया नगर, कानपुर, गोरखपुर, बलिया, गाजीपुर, वाराणसी और प्रयागराज आदि जिलों में भारी बारिश हो सकती है. इन जिलों में तेज आंधी चलने के भी आसार हैं. इनमें से कुछ जिलों में बादल गरजने और बिजली गिरने की भी घटनाएं हो सकती हैं.
गर्मी से मिली राहत
लखनऊ समेत प्रदेश के ज्यादातर जिलों में कई दिनों से हो रही मानसून की बारिश की वजह से तापमान में रिकॉर्ड गिरावट आई है. राजधानी लखनऊ में ही अधिकतम तापमान 38 डिग्री सेल्सियस तक आ गया है. यही स्थिति अन्य जिलों में भी है. मौसम विभाग के मुताबिक राज्य के ज्यादातर जिलों में अब तक सामान्य बारिश रिकॉर्ड हुई है. हालांकि 10 से अधिक जिलों में सामान्य से अधिक बारिश हुई है. इस प्रकार जबकि 21 जिलों में सामान्य से कम बारिश भी रिकॉर्ड हुई है.
कमजोर पड़ जाएगा मानसून
मौसम विभाग के मुताबिक प्रदेश में तीन दिन बारिश का दौर चलने वाला है. इसके बाद मानसून कमजोर पड़ जाने के आसार हैं. इससे प्रदेश में गर्मी एक बार फिर लोगों को परेशा कर सकती है. मौसम वैज्ञानिकों के मुताबिक बंगाल की खाड़ी से बना सक्रिय मौसम तंत्र अब मध्य प्रदेश तक पहुंच गया है. इसका असर पूरे उत्तर प्रदेश में देखा जा रहा है. यही वजह है कि उत्तर प्रदेश में पूरब से पश्चिम तक झमाझम बारिश हो रही है.