पश्चिमी UP में तेज बारिश, पूर्वांचल में आंधी-पानी के आसार; 58 जिलों में आज बदला मौसम

उत्तर प्रदेश में एक नया पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय होने से भीषण गर्मी से राहत मिली है. आज पश्चिमी यूपी में तेज बारिश और पूर्वांचल में आंधी-पानी के आसार हैं. प्रदेश के 58 जिलों में तापमान गिरा है, और 10 दिनों तक लू से बचाव की संभावना है. हालांकि, आंधी-तूफान और बिजली गिरने का भी अलर्ट है.

उत्तर प्रदेश में बारिश Image Credit:

करीब 10 दिन से भीषण गर्मी में तप रहे उत्तर प्रदेश को बुधवार की सुबह बड़ी राहत मिली है. नए पश्चिमी विक्षोभ एक्टिव होने के बाद प्रदेश में मौसम के बदलाव से तापमान तीन से चार डिग्री तक गिरा है. रही सही कसर तेज गति से चल रही पूर्वी हवाओं ने पूरा कर दिया. गर्मी से सबसे ज्यादा बुंदेलखंड तप रहा था. वहां रात से ही कभी हल्की तो कभी तेज बारिश हो रही है. वहीं पश्चिमी यूपी में सुबह तेज आंधी के साथ कुछ इलाकों में बूंदाबांदी हुई है. मौसम विभाग ने पश्चिमी यूपी में आज तेज बारिश का अलर्ट जारी किया है.

मौसम में हुए इस बदलाव की वजह से भीषण गर्मी और लू की मार झेल रहे उत्तर प्रदेश के 58 जिलों में बड़ी राहत मिल गई है. मौसम विभाग ने अभी 10 दिनों तक यहां के लोगों को लू से राहत मिलने की संभावना जताई है. खासतौर पर आज 29 अप्रैल से 2 मई तक बारिश का दौर चल सकता है. इससे तापमान में तो गिरावट आएगी, लेकिन इसी दौरान आंधी-तूफान और बिजली कड़कने के भी आसार हैं. मौसम विभाग ने ताजा परिस्थितियों को देखते हुए प्रदेश के कई हिस्सों में येलो अलर्ट जारी किया है.

इन जिलों में बदला मौसम

मौसम विभाग के मुताबिक पश्चिमी उत्तर प्रदेश में आंधी पानी शुरू हो गया है. यूपी के इस हिस्से में आज तेज बारिश होने के पूरे आसार हैं. मेरठ, अलीगढ़, मथुरा, आगरा, सहारनपुर, मुजफ्फरनगर, गाजियाबाद, हापुड़ और नोएडा आदि जिलों में तेज बारिश हो सकती है. वहीं पश्चिमी यूपी के बाकी जिलों में हल्की बारिश के साथ तेज आंधी चल सकती है. उधर, पूर्वांचल के कई जिलों में आज बूंदाबांदी होगी. वहीं बांदा, चित्रकूट, प्रयागराज, वाराणसी, गोरखपुर, देवरिया, बस्ती, कुशीनगर, महाराजगंज, गोंडा, बलरामपुर, बहराइच, सीतापुर, लखीमपुर खीरी, बाराबंकी, अयोध्या आदि जिलों में आंधी तूफान का अलर्ट है.

कई जिलों में बिजली गिरने का खतरा

मौसम विभाग के मुताबिक प्रदेश में आज आधा दर्जन से अधिक जिलों में बिजली कड़कने व बिजली गिरने का खतरा है. इन जिलों में प्रयागराज, कानपुर, लखनऊ, वाराणसी, गोरखपुर, अलीगढ़, मथुरा, देवरिया और आगरा आदि शामिल हैं. इनमें से कई जिलों में सुबह से बिजली चमकने भी लगी है. मौसम विभाग के मुताबिक बंगाल की खाड़ी से आ रही नमी की वजह से उत्तर प्रदेश को गर्मी से तात्कालिक राहत मिली है. इससे प्रदेश में 10 दिनों तक लू से बचाव होने की उम्मीद है.

Follow Us