फिर यमुना एक्सप्रेसवे पर 100 KM की स्पीड से फर्राटा भरेंगे वाहन, इस तारीख से लागू होगा आदेश
कोहरे के चलते बढ़ते हुए हादसों को देखते हुए यमुना एक्सप्रेस वे पर स्पीड लिमिट घटाकर 75 किलोमीटर प्रति घंटा कर दी गई थी. लेकिन अब मौसम में सुधार के बाद फिर पुरानी स्पीड लिमिट को 15 फरवरी से बहाल कर दिया जाएगा.
ग्रेटर नोएडा से आगरा तक 165 किलोमीटर लंबे यमुना एक्सप्रेसवे पर 2 महीने बाद फिर से वाहनों की अधिकतम गति सीमा बढ़ाई जा रही है. दरअसल, भारी कोहरे और हादसे की आशंका को देखते हुए 15 दिसंबर से 15 फरवरी तक वाहनों एक्सप्रेस वे पर वाहनों की मैक्सिमम स्पीड लिमिट को घटा दिया गया था. हालांकि, वाहन चालकों को सावधानी पूर्वक गाड़ी चलाने की भी अपील की गई है.
अब यह है नई स्पीड लिमिट
15 फरवरी की रात 12 बजे के बाद हल्के वाहन 100 और भारी वाहन 60 किलोमीटर किलोमीटर प्रति घंटा की रफ्तार से चल सकेंगे. सर्दियों के मौसम में कोहरे के चलते एक्सप्रेस वे पर वाहनों की गति स्थाई रूप से कम दी गई थी. इस दौरान छोटे वाहनों की गति सीमा 100 से घटकर 75 किलोमीटर प्रति घंटा कर दी गई थी, भारी वाहनों की स्पीड लिमिट भी कंट्रोल की गई थी.
मौसम में सुधार होने के बाद लिया गया ये फैसला
यमुना एक्सप्रेसवे की सहायक महाप्रबंधक जेके शर्मा ने बताया कि यमुना एक्सप्रेसवे पर गौतमबुद्धनगर से होते हुए अलीगढ़ हाथरस, मथुरा और आगरा तक जाता है. यह मार्ग यमुना नदी के किनारे से गुजरता है. इसके कारण सर्दियों में एक्सप्रेस वे पर कोहरा ज्यादा घना रहता है. दृश्यता काफी कम हो जाती है. अब मौसम में सुधार और दृश्यता बेहतर होने के चलते गति सीमा को सामान्य किया जा रहा है.
कम समय में यात्रियों का सफर होगा पूरा
जेके शर्मा ने आगे कहा कि यदि मौसम अचानक खराब नहीं हुआ तो 15 फरवरी के बाद पुराने नियम लागू रहेंगे. इससे यात्रियों को राहत मिलेगी और दिल्ली एनसीआर से आगरा की यात्रा पहले की तरह तेज और सुगम हो सकेगी. गति सीमा बढ़ने से रोजाना आने-जाने वाले पर्यटकों को और लोगों को राहत मिलेगी खासकर आगरा मथुरा और आसपास के जिलों में जाने वाले यात्रियों के लिए सफर कम समय में पूरा करना आसान होगा.
