जिस युवक का चालान काटा था, रात में उसने ही ट्रैफिक पुलिसकर्मी को बिना हेलमेट पकड़ा

नोएडा में दिन के वक्त ट्रैफिक पुलिस वाले ने एक युवक का हेलमेट न पहनने पर चालान काटा था. युवक इस बात से नाराज जरूर था लेकिन उसने नियम का पालन करते हुए चालान भर दिया. रात के समय जब वह युवक ड्यूटी से वापस लौट रहा था तो उसकी नजर एक बाइक पर पीछे बैठे उसी ट्रैफिक पुलिस कर्मी पर पड़ी. हैरानी की बात यह थी कि पुलिसकर्मी खुद बिना हेलमेट के बाइक पर सफर कर रहा था.

खुद वाहन नियमों को तोड़ता दिखा ट्रैफिक पुलिसकर्मी

नोएडा में ट्रैफिक नियमों के पालन को लेकर एक ऐसा मामला सामने आया है जिसने ट्रैफिक पुलिस की कार्यशैली पर सवाल खड़े कर दिए हैं. एक ट्रैफिक पुलिस कर्मी जो दिन भर सड़कों पर वाहन चालकों का चालान काटते हुए नियमों का पालन करने में सख्ती दिख रहा था. वही रात होते-होते खुद नियमों की अनदेखी करता हुआ नजर आया. यह पूरा मामला तब सामने आया जब पुलिसकर्मी ने जिस युवक का चालान दिन के वक्त काटा था, उसी ने रात होते-होते उसे बिना हेलमेट के बाइक पर बैठकर जाते हुए पकड़ लिया.

अब युवक ने ट्रैफिक पुलिसकर्मी का वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर वायरल कर दिया.जानकारी के अनुसार दिन के समय ट्रैफिक पुलिस कर्मी ने एक युवक का हेलमेट न पहनने पर चालान काटा था. युवक इस बात से नाराज जरूर था लेकिन उसने नियम का पालन करते हुए चालान भर दिया. रात के समय जब वह युवक ड्यूटी से वापस लौट रहा था तो उसकी नजर एक बाइक पर पीछे बैठे उसी ट्रैफिक पुलिस कर्मी पर पड़ी. हैरानी की बात यह थी कि पुलिसकर्मी खुद बिना हेलमेट के बाइक पर सफर कर रहा था.

युवक ने मोबाइल निकाला और शुरू कर दी रिकॉर्डिंग

जैसे ही युवक ने पुलिसकर्मी को पहचाना, उसने तुरंत अपना मोबाइल फोन निकालकर, वीडियो बनाना शुरू कर दिया. युवक का मकसद था कि जो व्यक्ति दिन में कानून का पालन करने की बात कर रहा था उसकी असलियत सामने लाई जाए. वीडियो बनते देख पुलिसकर्मी घबरा गया और पहचान छुपाने की कोशिश करने लगा. इस दौरान उसने अपनी जेब से रुमाल निकाला और अपनी पहचान छुपाने के लिए मुंह पर रूमाल बांध लिया.

पुलिसकर्मी ने युवक से साथ अभद्र व्यवहार किया

ट्रैफिक पुलिसकर्मी युवक को वीडियो बनाने से रोकने की कोशिश करने लगा. वीडियो बनाने के दौरान पुलिसकर्मी ने युवक के साथ अभद्र व्यवहार किया. आरोप है कि उसने गालियां दी. फिर आपत्तिजनक इशारे किए और मारपीट तक की धमकी दी. ट्रैफिक पुलिस कर्मी का यह व्यवहार एक आम नागरिक के प्रति सही नहीं है. इसे बर्दाश्त नहीं किया जा सकता. इस तरह का व्यवहार पुलिस की गरिमा पर सवाल भी खड़ा कर रहा.

डीसीपी ट्रैफिक ने क्या कहा?

घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है. सोशल मीडिया यूजर्स का कहना है कि अगर कानून लागू करने वाले ही नियमों का पालन नहीं करेंगे तो आम जनता से इसकी उम्मीद कैसे की जा सकती है. नोएडा के डीसीपी ट्रैफिक शैलेंद्र कुमार से जब इस पूरे मामले पर बात की गई तो उन्होंने कहा कि इस तरह का कोई भी वीडियो हमारे संज्ञान में नहीं आया है. अगर सोशल मीडिया पर इस तरह का कोई वीडियो या ट्रैफिक पुलिसकर्मी की किस तरह की कोई हरकत सामने आती है तो इसका संज्ञान लेकर कार्रवाई की जाएगी.

Follow Us