युवराज मेहता केस: नोएडा पुलिस भूली गिरफ्तारी के नियम! हाईकोर्ट से बिल्डर को मिली रिहाई

सॉफ्टवेयर इंजीनियर युवराज मेहता की पानी में डूबने से मौत हुई थी. नोएडा पुलिस ने लापरवाही को लेकर कई बिल्डरों को गिरफ्तार किया था. इसी में से एक को इलाहाबाद हाईकोर्ट ने रिहा करने का आदेश दिया है. नोएडा पुलिस ने मामले में गिरफ्तारी के नियमों का पालन नहीं किया.

नोएडा पुलिस की गलती से आरोपी बिल्डर को मिली रिहाई Image Credit:

नोएडा में सॉफ्टवेयर इंजीनियर युवराज मेहता की मौत मामले में शुक्रवार को बड़ा अपडेट आया है. इस केस में जिस बिल्डर अभय कुमार सिंह को ग्रेटर नोएडा की नॉलेज पार्क थाना पुलिस ने सबसे पहले गिरफ्तार किया था, अब उसे इलाहाबाद हाईकोर्ट से रिहाई मिल गई है. जबकि इससे पहले निचली अदालत ने अभय कुमार को झटका लगा था.

निचली अदालत ने अभय कुमार की जमानत याचिका खारिज कर न्यायिक हिरासत बढ़ाई दी थी, लेकिन अब कहानी में एक नया ट्विस्ट आया है. इलाहाबाद कोर्ट ने माना है कि बिल्डर की गिरफ्तारी के तरीके में सुप्रीम कोर्ट के दिशा-निर्देशों का पालन नहीं किया गया. नोएडा पुलिस से चूक हुई है, इसी के आधार पर कोर्ट ने बिल्डर को रिहा कर दिया है.

नोएडा पुलिस से गिरफ्तारी के नियमों में हुई चूक

युवराज की मौत के मामले में इलाहाबाद हाईकोर्ट ने आरोपी बिल्डर अभय कुमार की हैबियस कॉर्पस याचिका मंज़ूर कर ली. साथ ही उसे रिहा करने का आदेश दिया है. इससे पहले मामले में 2 आरोपी, लोटस ग्रीन्स कंस्ट्रक्शन के कर्मचारी रवि बंसल और सचिन करनवाल को जमानत मिल चुकी है. इस दौरान कोर्ट ने नोएडा पुलिस की गिरफ्तारी पर कड़ी टिप्पणी की.

इलाहाबाद हाईकोर्ट ने नोएडा पुलिस की कार्रवाई पर सवाल उठाए. कोर्ट का मानना है कि गिरफ्तारी के दौरान सुप्रीम कोर्ट द्वारा निर्धारित अनिवार्य दिशा-निर्देशों का पालन न किया गया. कोर्ट ने इसे गंभीर चूक करार दिया, साथ ही हैबियस कॉर्पस याचिका स्वीकार कर ली और याचिकाकर्ता अभय कुमार को तत्काल रिहा करने का आदेश दिया.

कैसे हुई सॉफ्टवेयर इंजीनियर युवराज मेहता की मौत?

सॉफ्टवेयर इंजीनियर युवराज मेहता की मौत 16 जनवरी की देर रात पानी से भरे गड्ढे में गिरने से मौत हो गई थी. युवराज अपने ऑफिस का काम खत्म कर ग्रैंड विटारा कार से घर लौट रहे थे. वहीं, घर से महज़ 500 मीटर पहले ही मोड़ पर घने कोहरे की वजह से उनकी कार बेसमेंट के लिए खोदे गए एक प्लॉट में भरे पानी में डूब गई. जिसमें उनकी मौत हो गई थी.