स्कूल यूनिफॉर्म के साथ हिजाब की मांग खारिज, HC बोला- ड्रेस कोड का पालन जरूरी
इलाहाबाद हाईकोर्ट ने स्कूल यूनिफॉर्म के साथ हिजाब पहनने की मांग वाली छात्रा की याचिका खारिज कर दी है. कोर्ट ने समानता, अनुशासन और धर्मनिरपेक्ष माहौल बनाए रखने के लिए स्कूल ड्रेस कोड का पालन अनिवार्य बताया, जिससे शिक्षण संस्थानों की पहचान बनी रहे.
इलाहाबाद हाईकोर्ट ने स्कूल में हिजाब पहनने को लेकर बड़ा फैसला दिया है. स्कूल यूनिफॉर्म के साथ हिजाब या सिर पर स्कार्फ पहनने की अनुमति मांगने वाली नाबालिग छात्रा की याचिका खारिज कर दी. कोर्ट ने कहा कि छात्रा पर्याप्त धार्मिक प्रमाण पेश नहीं कर सकी कि स्कूल में सिर पर स्कार्फ पहनना इस्लाम की अनिवार्य धार्मिक प्रथा है.
हाईकोर्ट के जस्टिस जेजे मुनीर और जज इंद्रजीत शुक्ला की डिवीजन बेंच ने मामले की सुनवाई की. अदालत ने कहा कि अगर किसी शिक्षण संस्थान का ड्रेस कोड एक समान, गैर-भेदभावपूर्ण और अनुशासन व संस्थान की पहचान बनाए रखने के उद्देश्य से लागू किया गया है, तो उसमें व्यक्तिगत आधार पर बदलाव की मांग नहीं की जा सकती है.
प्रयागराज के स्कूल से जुड़ा है मामला
मामला प्रयागराज के अत्तारसुइया स्थित टैगोर पब्लिक स्कूल की छात्रा से जुड़ा है. छात्रा ने अपनी मां के जरिए हाईकोर्ट में याचिका दाखिल कर 11वीं कक्षा में प्रवेश देने और निर्धारित यूनिफॉर्म के साथ सिर पर स्कार्फ पहनने की अनुमति मांगी थी. छात्रा का दावा था कि वह कक्षा छह से दसवीं तक इसी स्कूल में पढ़ी और इस दौरान सिर पर स्कार्फ पहनती रही, जिस पर स्कूल ने कोई आपत्ति नहीं जताई.
हालांकि, स्कूल ने स्पष्ट किया कि सभी छात्रों के लिए एक समान यूनिफॉर्म लागू है. स्कूल के मुताबिक, किसी एक छात्रा को अलग से छूट देने से अनुशासन और ड्रेस कोड की व्यवस्था प्रभावित हो सकती है.
पहले स्कार्फ पहनने से स्थायी अधिकार नहीं
हाईकोर्ट ने यह भी कहा कि पहले की कक्षाओं में स्कार्फ पहनने पर स्कूल की ओर से आपत्ति नहीं किए जाने से छात्रा को भविष्य में भी इसे पहनने का कोई कानूनी अधिकार हासिल नहीं हो जाता. अदालत ने स्कूल के समान ड्रेस कोड को संस्थान में अनुशासन और एकरूपता बनाए रखने का महत्वपूर्ण माध्यम माना.
कोर्ट ने यह भी कहा कि यूनिफॉर्म का उद्देश्य केवल पहनावे को निर्धारित करना नहीं है, बल्कि छात्रों के बीच समानता, अनुशासन, संस्थान की पहचान और धर्मनिरपेक्ष शैक्षणिक वातावरण बनाए रखना भी है. इसी आधार पर हाईकोर्ट ने छात्रा की रिट याचिका खारिज कर दी.
कर्नाटक HC के फैसले का भी किया उल्लेख
अदालत ने इस मामले में देश के अलग-अलग हाईकोर्ट के फैसलों का भी उल्लेख किया. बेंच ने विशेष रूप से कर्नाटक हाईकोर्ट की 2022 की फुल बेंच के फैसले को अहम और प्रभावशाली माना, जिसमें हिजाब को इस्लाम की अनिवार्य धार्मिक प्रथा नहीं माना गया था.
कोर्ट ने यह भी माना कि सुप्रीम कोर्ट के ‘आयशा शिफा’ मामले में फैसला बंटा हुआ था और इस मुद्दे पर अभी तक ऐसा अंतिम फैसला नहीं आया है, जो पूरे विवाद को निर्णायक रूप से सुलझाता हो. इसके बावजूद इलाहाबाद हाईकोर्ट ने कहा कि कर्नाटक हाईकोर्ट के फैसले से अलग राय रखने का उसके पास कोई पर्याप्त कारण नहीं है.