प्रयागराज के होटल में बिक रही थी गोमांस की बिरयानी, तभी पहुंची पुलिस; 4 अरेस्ट

प्रयागराज के एक रेस्टोरेंट में गोमांस की बिरयानी बेचे जाने का मामला सामने आया है. विश्व हिंदू परिषद की शिकायत पर पुलिस ने छापेमारी की, जिसमें संदिग्ध मांस और बिरयानी जब्त की गई. इस मामले में चार लोगों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया गया है. आरोपियों पर बेसहारा गोवंश की हत्या कर उनका मांस बेचने का आरोप है. पुलिस आगे की जांच कर रही है।

नवाबी जायका रेस्टोरेंट

उत्तर प्रदेश पुलिस की लाख सख्ती के बावजूद गोहत्यारे बाज नहीं आ रहे. अब धर्म नगरी प्रयागराज के एक रेस्टोरेंट में गोहत्या करने और गोमांस की बिरयानी बनाकर बेचने का मामला सामने आया है. विश्व हिंदू परिषद के प्रांत मंत्री लालमणि तिवारी की शिकायत पर पहुंची पुलिस ने चार लोगों को अरेस्ट करते हुए रेस्टोरेंट में मौजूद बिरयानी और डिब्बों में भरकर रखे गोमांस को जब्त कर लिया है. पुलिस मामले की जांच कर रही है.

प्रयागराज पुलिस के मुताबिक मामला सिटी जोन के खुल्दाबाद थाना क्षेत्र में रोशनबाग का है. यहां नवाबी जायका रेस्टोरेंट में गोमांस की बिरयानी बेचने की शिकायत आई थी. इस शिकायत पर मौके पर पहुंची पुलिस ने रेस्टोरेंट में जांच पड़ताल की. इस दौरान अलग-अलग डिब्बे में संदिग्ध मांस भरकर रखा गया था. इसी प्रकार संदिग्ध मांस की बिरयानी भी रेस्टोरेंट में पायी गई. ऐसे में पुलिस ने यह सारा माल जब्त करते हुए सैंपल लेकर जांच के लिए लैब भेज दिया है.

चार आरोपी अरेस्ट

पुलिस ने इस रेस्टोरेंट से गोहत्या करने और फिर गोमांस की बिरयानी बनाकर बेचने के आरोप में चार लोगों को अरेस्ट किया है. पुलिस ने इन चारों की पहचान स्थानीय निवासी मोहम्मद जैद, मिज्जन, अयान, समसुल लका के रूप में बताई है. पुलिस के मुताबिक इन चारों के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर अदालत में पेश किया गया, जहां से उन्हें जेल भेज दिया गया है. पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है.

लंबे समय से कर रहे थे गोहत्या

विश्व हिंदू परिषद के प्रांत मंत्री गौ रक्षा लालमणि तिवारी के मुताबिक आरोपियों के बारे में लंबे समय से शिकायत आ रही थी. इस बार सटीक सूचना मिलने पर पुलिस में शिकायत दी गई और अब पुलिस ने इन चारो आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की है. उन्होंने बताया कि आरोपी लगातार बेसहारा गोवंश को पकड़कर उनकी हत्या कर रहे थे. इसके बाद उन्हीं गोवंश के मांस की बिरयानी बनाकर अपने ग्राहकों को बेचते थे.

रिपोर्ट: मनीष वर्मा, प्रयागराज

Follow Us