लखनऊ अग्निकांड के बाद खान सर की कोचिंग में मिली लापरवाही, लगा सरकारी ताला
लखनऊ अग्निकांड के बाद प्रदेश भर में कोचिंग संस्थानों पर कड़ी कार्रवाई शुरू हुई है. इसी क्रम में प्रयागराज में खान ग्लोबल क्लासेस को सुरक्षा मानकों की अनदेखी के कारण सील कर दिया गया है. प्राधिकरण ने कोचिंग को नोटिस चस्पा कर चेतावनी दी है कि मानकों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ एफआईआर दर्ज की जाएगी. यह कार्रवाई बच्चों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए की जा रही है.
लखनऊ अग्निकांड के बाद फायर ब्रिगेड ने प्रदेश में कोचिंग संस्थानों में विशेष जांच अभियान शुरू किया है. इसी क्रम में प्रयागराज की टीम भी मंगवार को फुल एक्शन में नजर आई. इस टीम ने सुरक्षा मानकों की अनदेखी करने वाले संस्थानों पर ताबड़तोड़ कार्रवाई की. इसी क्रम में प्रयागराज विकास प्राधिकरण ने शहर के बहुचर्चित कोचिंग संस्थान खान ग्लोबल क्लासेस को सील कर दिया है. इस संस्थान में भी सुरक्षा मानकों की अनदेखी पायी गई है.
प्राधिकरण के अधिकारियों के मुताबिक लखनऊ अग्निकांड को देखते हुए शहर में कोचिंग संस्थानों में विशेष जांच शुरू की गई है. इस दौरान जब जांच टीम खान ग्लोबल क्लासेस पहुंची तो यहां भी निर्धारित मानकों और सुरक्षा व्यवस्थाओं में भारी खामियां पायी गई. ऐसे में कोचिंग को सील करते हुए नोटिस चश्पा कर दिया गया है. यह कार्रवाई पीडीए के जोनल अधिकारी गंगेश कुमार सिंह के नेतृत्व में पहुंची टीम ने किया है. इस टीम ने संस्थान को सील करने के बाद नोटिस चस्पा करने के साथ ही संचालक को भी प्रतिलिपि दिया है.
दी ये चेतावनी
पीडीए के अधिकारियों ने नोटिस में कोचिंग संचालकों को स्पष्ट चेतावनी दी है. इसमें कहा है कि पीडीए की अनुमति के बिना सील तोड़ी गई दोबारा कोचिंग संचालन किया गया तो संबंधित के खिलाफ एफआईआर दर्ज कराते हुए कानूनी कार्रवाई की जाएगी. उन्होंने साफ तौर पर कहा कि बच्चों की सुरक्षा से कोई समझौता नहीं होगा. किसी को भी शहर में कोचिंग चलाना है तो उसे मानकों का पालन करना ही होगा. मानकों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ इस तरह की कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी.
प्रदेश भर में हुई कार्रवाई
लखनऊ अग्निकांड के बाद नोएडा, गाजियाबाद, कानपुर, मेरठ और मुरादाबाद समेत प्रदेश भर में संचालित 100 से अधिक कोचिंग प्रतिष्ठानों में प्रशासनिक टीम पहुंची. इनमें से ज्यादातर कोचिंग संस्थानों में मानकों का उल्लंघन पाया गया है. प्रशासनिक टीम ने इनमें से 60 से अधिक कोचिंग संस्थानों को सील कर दिया है. वहीं बाकी कोचिंग संस्थानों को 15 दिन का समय देते हुए फायर सेफ्टी एवं इमरजेंसी एग्जिट के इंतजाम दुरुस्त करने के निर्देश दिए गए हैं.