हरदोई में पेड़ पर लटका मिला चचेरे भाई-बहन का शव, एक-दूसरे के प्यार में थे दोनों
हरदोई से एक सनसनीखेज मामला सामने आया है. यहां रिश्ते में चचेरे भाई-बहन लगने वाले लड़के और लड़की का शव नीम के पेड़ से लटकता मिला. पुलिस की प्रारंभिक जांच के मुताबिक युवक और युवती के बीच प्रेम प्रसंग था. लेकिन परिवार इस रिश्ते के खिलाफ था. हालांकि, यह मामला सुसाइड का है या फिर मर्डर, इसको लेकर पुलिस ने साफतौर पर अब तक कुछ नहीं कहा है.
हरदोई के शाहाबाद कोतवाली क्षेत्र के बबूराई गांव में मंगलवार सुबह उस समय सनसनी फैल गई जब ग्रामीणों ने नीम के पेड़ से दो शव लटके देखे. सूचना मिलते ही मौके पर भारी भीड़ जमा हो गई. पेड़ पर लटका एक शव लड़के का तो दूसरा लड़की का था. दोनों शाहाबाद नगर के जोगीपुरा नौशेरा मोहल्ले के रहने वाले थे और रिश्ते में चचेरे भाई-बहन थे. दोनों के घर भी पास-पास ही है.
रिश्ते के खिलाफ था परिवार
स्थानीय लोगों की सूचना पर मौके पर पहुंची पुलिस ने अपने प्रारंभिक जांच के बाद बाद बताया कि युवक और युवती के बीच प्रेम प्रसंग था. लेकिन परिवार इस रिश्ते के खिलाफ था. एसपी अशोक कुमार मीणा ने बताया कि पारिवारिक विरोध के चलते तनाव की स्थिति बनी हुई थी.
लड़की के चाचा ने लड़के के खिलाफ कराई थी एफआईआर
एसपी अशोक कुमार मीणा ने आगे बताया कि सोमवार यानी 03 मई की देर रात लड़की के चाचा ने मुकदमा दर्ज कराया था. आरोप लगाया गया था कि लड़का, लड़की को शादी का झांसा देकर बहला-फुसलाकर ले गया है. शिकायत के आधार पर पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की थी.
घर से 2 किलोमीटर दूर पेड़ पर लटके मिले दोनों के शव
मंगलवार सुबह बबूराई गांव के पास ग्रामीणों ने दोनों को दुपट्टे के सहारे पेड़ से लटका पाया. घटना स्थल घटनास्थल से करीब 2 किलोमीटर दूर बताया जा रहा है. सूचना पर पुलिस अधीक्षक अशोक कुमार मीणा, एएसपी आलोक राज नारायण और कोतवाल अरविंद राय मौके पर पहुंचे. फॉरेंसिक टीम ने भी जांच की.
पुलिस हर एंगल पर कर रही है जांच
फिलहाल शवों को नीचे उतारकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया. पुलिस ने मामले की सभी एंगल से जांच शुरू कर दी है. कोतवाल अरविंद राय ने शवों की पहचान की पुष्टि करते हुए कहा कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के बाद स्थिति स्पष्ट होगी. इसके बाद ही पता लग पाएगा यह आत्महत्या है या फिर कुछ और.
