प्रयागराज से 839 रुपये में मेरठ, क्या है नोएडा का किराया? गंगा एक्सप्रेसवे पर आज से चलेगी UP रोडवेज

यूपी रोडवेज ने गंगा एक्सप्रेसवे पर बसों का संचालन शुरू कर दिया है. फिलहाल, प्रयागराज से मेरठ का किराया ₹839 तय किया गया है. यह नई बस सेवा यात्रियों को आवागमन में बड़ी राहत देगी, विशेषकर मेरठ, हापुड़ और प्रयागराज के बीच. जल्द ही नोएडा, गाजियाबाद और दिल्ली के लिए भी बसें चलेंगी, जिससे यात्रा और सुविधाजनक तथा सुगम हो जाएगी.

UP रोडवेज

यूपी रोडवेज ने सरकारी बसों के लिए गंगा एक्सप्रेसवे को भी अपने रूट में शामिल कर लिया है. इसी के साथ यूपी रोडवेज ने आज से ही इस रूट पर बसों का संचालन शुरू कर दिया है. फिलहाल प्रयागराज से मेरठ के लिए बस सेवा की शुरूआत की गई है, लेकिन जल्द ही इस एक्सप्रेसवे के रास्ते नोएडा, गाजियाबाद और दिल्ली के लिए रोडवेज बसों का संचालन शुरू किया जाएगा. यूपी रोडवेज की इस सेवा से मेरठ, हापुड और नोएडा गाजियाबाद से प्रयागराज का सफर करने वाले यात्रियों को बड़ी राहत मिलने की संभावना है.

गंगा एक्सप्रेसवे पर रोडवेस की बसें चलाने की जिम्मेदारी प्रयागराज में रीजन में लीडर रोड डिपो को मिली जहै. इस डिपो से आज सुबह 10 बजे पहली बस को मेरठ के लिए रवाना किया जाएगा. चूंकि एक बार में यह बस 600 किमी से अधिक दूरी तय करने वाली है, इसलिए यात्रा के दौरान यात्रियों की सुविधाओं का खास ख्याल रखा गया है. यूपी परिवहन निगम ने सफर के दौरान बस में पानी का केन रखवाने के साथ ही जगह जगह स्टॉपेज भी तय किए हैं, जहां यात्रियों को जलपान की सुविधा उपलब्ध होगी.

तय हुआ किराया

रोडवेज के अधिकारियों के मुताबिक इस रूट पर सफर के लिए किराए का निर्धारण कर दिया गया है. चूंकि अभी बस प्रयागराज और मेरठ के बीच ही संचालित हो रही है. इसलिए केवल इसी रूट का किराया तय गया गया है. अब महज 839 रुपये में मेरठ से प्रयागराज का सफ किया जा सकेगा. रोडवेज के अधिकारियों के मुताबिक जल्द ही इस रूट में नोएडा-गाजियाबाद को भी शामिल किया जाएगा. इसके बाद इन दोनों शहरों के लिए भी निर्धारित हो जाएगा.

नोएडा के लिए अभी क्या है विकल्प

प्रयागराज से नोएडा या गाजियाबाद जाने वाले यात्रियों को यूपी रोडवेज की बस से मेरठ आकर दूसरी बस पकड़नी होगी. या फिर नमो भारत ट्रेन से भी यात्री गाजियाबाद तक का सफर तय कर सकेंगे. इसके अलावा हापुड़ में गढ़ मुक्तेश्वर से भी नोएडा-गाजियाबाद की बस ली जा सकती है. भविष्य में प्रयागराज से गाजियाबाद, नोएडा व आनंद विहार बस अड्डे के लिए बस संचालन की योजना है.

Follow Us