प्रयागराज: सपा में बगावत, अखिलेश के सामने विधायक के खिलाफ प्रदर्शन

प्रयागराज में अखिलेश यादव के होटल के बाहर समाजवादी पार्टी के कार्यकर्ताओं ने मेजा विधायक के खिलाफ जोरदार प्रदर्शन किया. कार्यकर्ताओं ने अपने ही विधायक पर भ्रष्टाचार और कमीशनखोरी का आरोप लगाते हुए 2027 चुनाव में उन्हें टिकट न देने की मांग की.

अखिलेश के सामने सपा MLA संदीप पटेल के खिलाफ प्रदर्शन Image Credit:

समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव के प्रयागराज दौरे के दौरान उस समय राजनीतिक हलचल तेज हो गई, जब सपा कार्यकर्ताओं और नेताओं के एक समूह ने उनके होटल के बाहर जमकर प्रदर्शन किया. प्रदर्शनकारियों ने मेजा विधानसभा से सपा के विधायक संदीप पटेल के खिलाफ नारेबाजी करते हुए भ्रष्टाचार और कमीशनखोरी के गंभीर आरोप लगाए.

हाथों में पोस्टर और बैनर लेकर पहुंचे सपा कार्यकर्ताओं ने मेजा विधायक संदीप पटेल के विरोध में जोरदार प्रदर्शन किया. इस दौरान कार्यकर्ताओं ने नारे लगाए, “अखिलेश तुझसे बैर नहीं, लेकिन संदीप पटेल तेरी खैर नहीं”, जिससे मौके पर काफी देर तक हंगामे की स्थिति बनी रही. सपा कार्यकर्ता 2027 चुनाव में संदीप पटेल को टिकट न देने की मांग कर रहे हैं.

संदीप पटेल की कार्यशैली से आम जनता नाराज

दिलचस्प बात यह रही कि एक ओर सपा प्रमुख अखिलेश यादव प्रदेश की योगी आदित्यनाथ सरकार पर भ्रष्टाचार और “चंदा चोरी” जैसे गंभीर आरोप लगा रहे थे. वहीं दूसरी तरफ उनकी ही पार्टी के कार्यकर्ताओं द्वारा पार्टी के मेजा से विधायक संदीप पटेल के खिलाफ मोर्चा खोलकर प्रदर्शन कर रहे थे. इसने संगठन के भीतर असंतोष की तस्वीर भी सामने ला दी है.

प्रदर्शन कर रहे कार्यकर्ताओं का आरोप था कि विधायक संदीप पटेल की कार्यशैली से पार्टी कार्यकर्ता और आम जनता दोनों नाराज हैं. उन्होंने कहा कि पार्टी नेतृत्व को इस मामले का संज्ञान लेते हुए आगामी विधानसभा चुनाव में उम्मीदवार चयन पर गंभीरता से विचार करना चाहिए. सपा की ओर से चुनाव में मेजा सीट से संदीप पटेल को टिकट न दिया जाए.

टिकट दिया तो पार्टी को नुकसान उठाना पड़ेगा

प्रदर्शनकारियों ने अखिलेश यादव से मांग की कि पार्टी किसी भी जाति के समर्पित और पुराने कार्यकर्ता को उम्मीदवार बनाएस लेकिन संदीप पटेल को टिकट न दिया जाए. कार्यकर्ताओं ने चेतावनी दी कि यदि संदीप पटेल को दोबारा टिकट दिया गया तो पार्टी के कई पुराने कार्यकर्ता उनका समर्थन नहीं करेंगे, जिससे पार्टी को चुनाव में नुकसान उठाना पड़ सकता है.

Follow Us