नवाबगंज टोल पर उमर के काफिले का हंगामा! बैरियर तोड़कर निकलीं गाड़ियां, FIR दर्ज
अतीक अहमद के बेटे उमर के काफिले ने नवाबगंज टोल प्लाजा पर जमकर हंगामा किया. लखनऊ जेल से प्रयागराज जाते समय उनके साथ चल रही 25-30 निजी गाड़ियों ने बिना टोल चुकाए बैरियर पार कर लिया. टोल कर्मचारियों को धमकाया और अभद्रता की गई. अब टोल प्रबंधन ने पुलिस में FIR दर्ज कराई है.
माफिया अतीक अहमद के बेटे उमर अहमद को लखनऊ जेल से प्रयागराज ले जाते समय नवाबगंज टोल प्लाजा पर जमकर हंगामा हुआ. कोर्ट के आदेश पर उमर को पुलिस सुरक्षा में भाई के जनाजे में शामिल होने के लिए प्रयागराज लाया जा रहा था. इसी दौरान उसके काफिले में शामिल करीब 25 से 30 निजी वाहनों ने बिना टोल दिए बैरियर पार कर लिया.
टोल कर्मचारियों ने वाहनों को रोकने की कोशिश की तो कथित तौर पर उनके साथ अभद्रता और धमकी दी गई. टोल प्लाजा प्रबंधन की ओर से नवाबगंज थाने में मामले की तहरीर देकर FIR दर्ज कराई गई है. पुलिस को दी गई तहरीर में कई वाहनों के नंबर भी दर्ज कराए गए हैं. मामले में टोल प्रबंधन की शिकायत पर पुलिस ने जांच शुरू कर दी है.
पुलिस वैन के पीछे चल रहा था काफिला
शिकायत के मुताबिक, 8 अगस्त 2026 की रात करीब 3:50 बजे नवाबगंज टोल प्लाजा के बूथ नंबर-3 पर उमर अहमद को पुलिस अभिरक्षा में जिला कारागार लखनऊ से प्रयागराज लाया जा रहा था. सरकारी वाहनों के गुजरने के बाद उसके पीछे बड़ी संख्या में वाहन टोल प्लाजा पहुंचे. आरोप है कि इन वाहनों ने टोल बैरियर को तोड़कर आगे बढ़ने की कोशिश की.
टोल प्रबंधन का आरोप है कि काफिले में शामिल करीब 25 से 30 वाहनों ने टोल शुल्क जमा किए बिना बैरियर पार कर लिया. टोल कर्मचारियों ने वाहनों को रोकने का प्रयास किया तो कथित तौर पर वाहन चालकों ने गाली-गलौज और धमकी दी. आरोप है कि कुछ वाहनों ने तेज रफ्तार में टोल पार किया, जिससे बैरियर को नुकसान पहुंचा और राजस्व की भी क्षति हुई.
CCTV फुटेज से होगी आरोपियों की पहचान
टोल प्रबंधन ने पुलिस को दी शिकायत में कई वाहनों के नंबर भी उपलब्ध कराए हैं. इनमें UP32 NJ 1458, UP70HP 8416, UP32QC0072, UP32EZ2056, UP70HB1786, UP70DL6CT9370, UP60AV5378, UP70HX3080, UP70GV2525, UP32G E8243, UP32K R3795, UP70GQ4834 समेत अन्य वाहन शामिल बताए गए हैं.
टोल प्रबंधन की शिकायत के आधार पर पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है. टोल प्लाजा पर लगे CCTV कैमरों की फुटेज और शिकायत में दिए गए वाहनों के नंबरों के आधार पर काफिले में शामिल लोगों की पहचान की जा रही है. टोल प्रबंधन ने बिना शुल्क टोल चोरी, संपत्ति को नुकसान पहुंचाने, कर्मचारियों से अभद्रता और धमकी देने के आरोप लगाए हैं.
