पूर्व MLA विजय मिश्रा को उम्र कैद, 46 साल पुराने मर्डर केस में हुई सजा

भदोही के पूर्व बाहुबली विधायक विजय मिश्रा को प्रयागराज कोर्ट ने 46 साल पुराने प्रकाश नारायण पांडेय हत्याकांड में उम्रकैद की सजा सुनाई है. इस मामले में उनके तीन साथियों को भी दोषी ठहराते हुए उम्रकैद के साथ एक-एक लाख रुपये का जुर्माना लगाया गया है. यह फैसला एमपी-एमएलए स्पेशल कोर्ट ने सुनाया है, जिसमें विजय मिश्रा को आगरा जेल से लाकर पेश किया गया.

सजा के बाद बाहुबली विजय मिश्रा को भेजा गया जेल

उत्तर प्रदेश में प्रयागराज की कोर्ट ने भदोही के पूर्व विधायक और बाहुबली नेता विजय मिश्रा को उम्र कैद की सजा सुनाई है. इसी के साथ विजय मिश्रा और उनके साथियों जीत नारायण, संतराम मिश्रा और बलराम मिश्रा पर एक-एक लाख का जुर्माना भी लगाया है. प्रयागराज की एमपी-एमएलए कोर्ट ने यह फैसला इलाहाबाद यूनिवर्सिटी के छात्र प्रकाश नारायण पांडेय हत्याकांड में दिया है. 46 साल पुराने इस वारदात को विजय मिश्रा और उनके साथियों ने कोर्ट में घुसकर अंजाम दिया था.

प्रयागराज की कोर्ट में मामले की सुनवाई एमपी-एमएलए स्पेशल कोर्ट के जज योगेश कुमार तृतीय की अदालत में हुई. इस अदालत ने मंगलवार को ही विजय मिश्रा और उनके तीनों साथियों को दोषी करार दिया था. इस मामले में कोर्ट ने सजा सुनाने के लिए बुधवार की तिथि मुकर्रर की थी. केस डायरी के मुताबिक यूनिवर्सिटी में विजय मिश्रा के साथियों संतराम और बलराम के साथ प्रकाश नारायण पांडेय का झगड़ा हुआ था. इस झगड़े में पुलिस ने प्रकाश के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया था. इसलिए वारदात के दिन 11 फरवरी 1980 को कचहरी परिसर में वह जमानत कराने पहुंचे थे.

दिन दहाड़े बरसाईं गोलियां

प्रकाश के कचहरी पहुंचने की सूचना के बाद बाहुबली विजय मिश्रा अपने साथियों के साथ हथियार लहराते हुए पहुंचा और दिन दहाड़े गोली माकर 35 वर्षीय प्रकाश नारायण पांडेय की हत्या कर दी थी. जानकारी होने पर पहुंचे प्रकाश के बड़े भाई श्याम नारायण पांडेय ने कर्नलगंज थाने में हत्या की धाराओं में एफआईआर दर्ज कराई थी. 46 साल तक कोर्ट में चली सुनवाई के बाद अब कोर्ट ने विजय मिश्रा और उसके साथियों के खिलाफ उम्र कैद की सजा सुनाते हुए मामले का निस्तारण कर दिया है.

आगरा जेल से लाया गया कोर्ट

फैसले की घड़ी में बाहुबली विजय मिश्रा को कड़ी सुरक्षा के बीच आगरा की जेल से प्रयागराज कचहरी लाया गया. एक अन्य मामले में विजय मिश्रा पहले से आगरा की जेल में बंद था. वहीं उसके तीनों साथी जमानत पर बाहर थे. हालांकि मंगलवार को ही दोषी करार दिए जाने के बाद उन्हें हिरासत में लेकर जेल भेज दिया गया था. कोर्ट ने फैसला सुनाते हुए हत्या की धारा में चारों दोषियों को उम्र कैद के साथ एक-एक लाख रुपए जुर्माने लगाया. वहीं हत्या के प्रयास के मामले में 10-10 साल की कैद और 50-50 हजार जुर्माना लगाया है.

कोर्ट परिसर में तैनात रही फोर्स

बाहुबली विजय मिश्रा के खिलाफ सजा सुनाए जाने को लेकर प्रयागराज पुलिस भी अलर्ट मोड में रही. सुनवाई के दौरान कोर्ट परिसर में भारी संख्या में पुलिस बल की तैनाती की गई थी. विजय मिश्रा और उसके साथियों को भी कोर्ट लाते समय कड़ी सिक्योरिटी के इंतजाम किए गए थे.वहीं फैसले के बाद सभी दोषियों को कड़ी सुरक्षा में जेल भेज दिया गया.

Follow Us