भीषण गर्मी में प्यास से तड़प रहे प्रयागराज के गांव, तपती धूप में कई KM दूर से लाना पड़ रहा पानी

भीषण गर्मी के बीच प्रयागराज के यमुनानगर जोन के शंकरगढ़ इलाके के गांवों के लोगों को आज भी पानी के लिए तरसना पड़ रहा है. गांव के पुरूष, औरतें और छोटे छोटे बच्चों को हर रोज पठारी इलाके में ऊबड़-खाबड़ जमीनों पर कई किलोमीटर पैदल चलकर खनन के लिए खोदे गए गड्ढे से पानी लाना पड़ रहा है.

प्रयागराज में भीषण जल संकट Image Credit:

संगम नगरी प्रयागराज में जहां इन दिनों भीषण गर्मी ने लोगों का जीना मुश्किल कर रखा हैं तो वही ग्रामीण इलाके में लोग पानी के लिए तरस रहे हैं. प्रयागराज के शंकरगढ़ इलाके के कई गांवों के लोग पानी के लिए दर-दर भटक रहे हैं. हर रोज इन्हें पीने के पानी के लिए जद्दोजहद करनी पड़ रही है. ग्रामीणों को कई किलोमीटर पैदल चलकर पानी लाना पड़ता है.

कई किलोमीटर दूर से लाना पड़ रहा है पानी

प्रयागराज के यमुनानगर जोन के शंकरगढ़ इलाके के गांवों के लोगों को आज भी पानी के लिए तरसना पड़ रहा है. गांव के पुरूष, औरतें और छोटे छोटे बच्चों को हर रोज पठारी इलाके में ऊबड़-खाबड़ जमीनों पर कई किलोमीटर पैदल चलकर खनन के लिए खोदे गए गड्ढे से पानी लाना पड़ता हैं.

शंकरगढ़ पठारी इलाका है, इसलिए यहां पानी की समस्या बनी रहती है. खासकर गर्मियों में गांव के लोगों को पानी की बड़ी समस्या का सामना करना पड़ता है. यही कारण हैं कि यहां के लोगों को भीषण गर्मी में तपती धूप में कई किलोमीटर पैदल जाकर पानी की व्यवस्था करनी पड़ती हैं.

जल शक्ति मिशन जैसी योजनाएं भी बौनी साबित हो रही

लगभग आधा दर्जन गांव के ग्रामीणों के सामने पानी की इस सबसे बड़ी समस्या में खास बात ये हैं कि सरकार द्वारा जल शक्ति मिशन जैसी योजनाएं भी बौनी साबित हो रही हैं. सरकार इस योजना के तहत ग्रामीण इलाकों में हर घर नल में शुद्ध पेयजल उपलब्ध कराने की मंशा तो रखती हैं लेकिन जमीनी हकीकत में ये योजना सूखी पड़ती नजर आ रही हैं.

शो पीस बनकर रह गई हैं गांवों में बनी टंकियां

सरकारी योजना के तहत गांव में पानी की टंकी तो बनाई गई और गांव के लोगों ने कनेक्शन भी लिया लेकिन एक बूंद पानी भी ग्रामीणों के घर नही आया और पानी की टंकी सिर्फ शो पीस बनकर रह गई. पठारी इलाका होने के चलते यहां भीषण गर्मी मे पानी का जलस्तर नीचे चला जाता है इसलिए सारे हैण्डपम्प भी काम करना बंद कर देते है.

सरकारें बदली लेकिन स्थिति कभी नहीं बदली

समाजवादी पार्टी के मुखिया अखिलेश यादव ने भी एक्स हैंडल पर शंकरगढ़ में पानी की समस्या को लेकर सरकार पर तंज कसे हैं. न जाने कितनी सरकारें आईं और गईं, लेकिन शंकरगढ़ इलाके में पानी की समस्या कभी खत्म नहीं हुई. हर साल यहां के ग्रामीण सिर्फ यही आस लगाए रहते हैं शायद कभी इनकी इस सबसे बड़ी समस्या से इनको छुटकारा मिल सकें.

Follow Us