‘घर बेचकर भी नहीं चुका पाएंगे इतनी रकम’… मिट्टी के बर्तन बनाने वाले मजदूर को GST विभाग ने भेजा एक करोड़ का नोटिस

रायबरेली के रघुवीरगंज बाजार निवासी मोहम्मद शहीद ज्यादा पढ़े-लिखे नहीं है. मिट्टी के बर्तन बनाकर परिवार का गुजारा करते हैं. जीएसटी विभाग ने उन्हें 1 करोड़ 25 हजार 297 रुपए का नोटिस भेज दिया. नोटिस देखकर परिवार में कोहराम मच गया है.

मजदूर को जीएसटी विभाग ने भेजा एक करोड़ रुपये का नोटिस

रायबरेली से बेहद ही हैरान करने वाला मामला सामने आया. मिट्टी का बर्तन बनाने वाले एक शख्स को जीएसटी विभाग ने एक करोड़ रुपये से अधिक का नोटिस भेज दिया. नोटिस मिलने के बाद वे बेहद परेशान है. उनका कहना है उसके पास कोई फर्म नहीं है. वह तो मिट्टी के बर्तन बनाकर अपने परिवार का पेट किसी तरह से पाल पाता है. फर्म कहां से बनाएंगे.

1 करोड़ 25 हजार 297 रुपए का नोटिस

रघुवीरगंज बाजार निवासी मोहम्मद शहीद पुत्र स्वर्गीय मदार बक्श ज्यादा पढ़े-लिखे नहीं है. मिट्टी के बर्तन बनाकर परिवार का गुजारा करते हैं. जीएसटी विभाग ने उन्हें 1 करोड़ 25 हजार 297 रुपए का नोटिस भेज दिया. नोटिस देखकर परिवार में कोहराम मच गया है. घरवालों का कहना है कि उन्हें साजिश कर फंसाया जा रहा है. इसके पीछे किसका हाथ है उन्हें इसकी जानकारी नहीं है. परिवार ने प्रशासन से इसकी जांच की मांग की है.

मोहम्मद शहीद ने कहा-धोखाधड़ी किया गया है

मोहम्मद शहीद का कहना है कि उनके साथ धोखाधड़ी किया गया है. जीएसटी विभाग के पास उनका पैन नंबर कैसे पहुंच गया, उन्हें भी इसकी जानकारी नहीं है. उन्हें पुश्तैनी काम के अलावा अलग से कोई काम भी नहीं आता. ना ही उनका कोई व्यवसायिक कार्य है. अगर उनका ऐसा कोई काम होता तो वह ऐसे घर में क्यों रहते. साथ ही मजदूरी क्यों करते. यह किसी की साजिश है.

मोहम्मद शहीद ने प्रशासन से मांगी मदद

मोहम्मद शहीद ने कहा कि मिट्टी के बर्तन का काम करने वाला पार्टनरशिप में कोई फर्म कैसे बनाएगा. पार्टनरशिप वाली बात आई कहां से मुझे पता हीं नहीं. मोहम्मद शहीद ने अब उन्होंने इस मामले पर प्रशासन से मदद मांगी है. उन्होंने कहा कि अगर प्रशासन ने उनकी मदद नहीं की तो जीएसटी की तरफ से भेजे गए नोटिस की रकम वह अपना घर बेचकर भी नहीं पूरा कर पाएंगे. वह पूरी तरह से बर्बाद हो जाएंगे.