‘सारी सड़कें ठीक तो यह कहां की तस्वीर है?’ दिशा बैठक में अधिकारियों पर भड़के राहुल गांधी, दिखाया आईना

रायबरेली में राहुल गांधी ने दिशा बैठक में खराब सड़कों पर अधिकारियों को घेरा. अधिकारियों के 'सभी सड़कें ठीक हैं' दावे पर उन्होंने गड्ढों वाली सड़कों की तस्वीरें दिखाईं. राहुल गांधी ने प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना समेत सभी सड़कों की मरम्मत और जवाबदेही तय करने पर जोर दिया. उन्होंने बिजली, पानी और स्वास्थ्य जैसी अन्य विकास योजनाओं की प्रगति की भी समीक्षा की.

दिशा बैठक में सड़कों की फोटो दिखाते राहुल गांधी

रायबरेली में कांग्रेस सांसद और लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी ने बुधवार को जिला विकास समन्वय एवं निगरानी समिति (दिशा) की बैठक में जिले के विकास कार्यों और स्थानीय समस्याओं की समीक्षा की. कलेक्ट्रेट स्थित बचत भवन में आयोजित इस बैठक में उन्होंने जिले की खराब और गड्ढों वाली सड़कों को लेकर अधिकारियों से सवाल किया. इसके जवाब में अधिकारियों ने कहा कि सभी सड़कें अच्छी है. इसके जवाब में राहुल गांधी ने उन्हें शहर की खस्ताहाल सड़कों की तस्वीरें दिखा दी. इसी के साथ उन्होंने संबंधित विभागों से जवाब तलब किया है.

राहुल गांधी ने अधिकारियों से पूछा कि जब सरकार की ओर से विकास कार्यों के लिए बजट उपलब्ध कराया जा रहा है, तो जिले के कई इलाकों में सड़कें बदहाल क्यों हैं? उन्होंने विशेष रूप से प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना के तहत बनी कुछ सड़कों की तस्वीरें अधिकारियों को दिखाईं, जिनमें जगह-जगह गड्ढे और सड़क की खराब स्थिति दिखाई दे रही थी. यह देखकर वहां मौजूद अधिकारी चुप्पी साध गए.

सड़कवार मांगी जानकारी

बैठक में राहुल गांधी ने अधिकारियों से पूछा कि जिन सड़कों पर गड्ढे हैं, उनकी मरम्मत के लिए अब तक क्या कार्रवाई की गई है? उन्होंने सड़कवार जानकारी उपलब्ध कराने और यह स्पष्ट करने को कहा कि संबंधित सड़क का निर्माण, रखरखाव और मरम्मत किस विभाग अथवा कार्यदायी संस्था की जिम्मेदारी है. उन्होंने अधिकारियों से जिम्मेदारी स्पष्ट रखने पर जोर दिया, ताकि सड़क खराब होने की स्थिति में संबंधित विभाग या एजेंसी से जवाबदेही तय की जा सके. प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना के अंतर्गत आने वाली सड़कों की स्थिति सुधारने के लिए भी अधिकारियों को आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए.

अधिकारियों ने दिया ये तर्क

राहुल गांधी के सवाल पर बैठक में मौजूद अधिकारियों ने बताया कि लगातार बारिश के कारण जिले की कई सड़कों को नुकसान पहुंचा है. प्रशासन की ओर से बताया गया कि कुछ स्थानों पर मरम्मत का कार्य कराया जा चुका है, जबकि अन्य क्षतिग्रस्त सड़कों की निगरानी संबंधित विभागों द्वारा की जा रही है. प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना से जुड़ी सड़कों पर बने गड्ढों की मरम्मत भी जल्द कराया जाएगा.

बिजली, पानी और स्वास्थ्य पर भी चर्चा

दिशा समिति की बैठक में सड़क के अलावा बिजली, पानी, स्वास्थ्य और विभिन्न सरकारी योजनाओं की प्रगति पर भी चर्चा हुई. राहुल गांधी ने अधिकारियों से विकास योजनाओं की वर्तमान स्थिति और उनके क्रियान्वयन की जानकारी ली. उन्होंने योजनाओं को निर्धारित समय में पूरा करने तथा पात्र लोगों तक सरकारी योजनाओं का लाभ पहुंचाने पर जोर दिया. बैठक में स्थानीय स्तर पर लोगों के सामने आ रही समस्याओं को लेकर भी अधिकारियों से जानकारी ली. राहुल गांधी ने विकास कार्यों में गुणवत्ता, समयबद्धता और जवाबदेही सुनिश्चित करने पर विशेष जोर दिया.

Follow Us