इंटरसिटी एक्सप्रेस के इंजन में फंसी साइकिल, सैंकड़ो जान बचाने के लिए लोको पायलट ने उठाया ऐसा कदम

रायबरेली में इंटरसिटी एक्सप्रेस के इंजन में साइकिल फंस गई. इस घटना के बाद अधिकारियों के बीच हड़कंप मच गया. लोको पायलट ने समय रहते स्थिति को भांप लिया और सूझबूझ दिखाते हुए तुरंत इमरजेंसी ब्रेक लगा दिया. इससे ट्रेन मौके पर ही रुक गई और बड़ा हादसा टल गया.

इंटरसिटी एक्सप्रेस के इंजन के पहिए में फंसी साइकिल

रायबरेली में एक बड़ा रेल हादसा टल गया. दरअसल, यहां से वाराणसी के लिए गुजर रही इंटरसिटी एक्सप्रेस के इंजन में एक साइकिल फंस गई. यह घटना रायबरेली के बाद पहले स्टेशन रूपामऊ के पास स्थित रेलवे क्रॉसिंग गेट संख्या 143 पर हुई. ट्रेन जैसे ही क्रॉसिंग के पास पहुंची, उसी दौरान पटरी के किनारे खड़े एक व्यक्ति की साइकिल अचानक इंजन में फंस गई. साइकिल इंजन में फंसने के बाद काफी दूर तक घिसटती चली गई.

लोको पायलट की सतर्कता से बड़ा हादसा टला

साइकिल फंसते ही लोको पायलट को इसकी जानकारी हो गई. उसने समय रहते ही स्थिति को भांप लिया. सूझबूझ दिखाते हुए तुरंत इमरजेंसी ब्रेक लगा दिया. इससे ट्रेन मौके पर ही रुक गई और बड़ा हादसा टल गया. ट्रेन के रुकते ही यात्रियों में कुछ देर के लिए अफरा-तफरी मच गई, लेकिन राहत की बात यह रही कि किसी तरह की जनहानि नहीं हुई.

इंजन में फंसी साइकिल को बाहर निकाला गया

ड्राइवर की सूचना पर रेल पथ मिस्त्री मौके पर पहुंचे और कड़ी मशक्कत के बाद इंजन में फंसी साइकिल को बाहर निकाला गया. साइकिल हटाए जाने के बाद ट्रेन को आगे के लिए रवाना किया गया. इस दौरान करीब कुछ देर तक ट्रेन खड़ी रही. इंजन में फंसी साइकिल को निकालते समय की तस्वीरें भी सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रही हैं, जिसे देखकर लोग चालक की सतर्कता की सराहना कर रहे हैं.

थोड़ी सी भी लापरवाही बड़े हादसे की बन सकती थी वजह

ट्रेन में साइकिल के फंसने की तस्वीरें देख लोग कह रहे हैं कि इस मामले में हल्की सी भी लापरवाही बड़े हादसे की वजह बन सकती थी. लेकिन लोको पायलट की सतर्कता से बड़ा हादसा टल गया. ट्रेन के इंजन में साइकिल फंसने की घटना से अधिकारियों के हाथ-पांव फूल गए थे. इंजन से साइकिल निकालने और फिर ट्रेन के दोबारा रवाना होने पर ही अधिकारियों ने राहत की सांस ली.