‘सर नौकरी चाहिए’, लाइब्रेरियन भर्ती की मांग को लेकर डिप्टी CM के आवास पर प्रदर्शन
उत्तर प्रदेश में लाइब्रेरियन भर्ती की मांग को लेकर मंगलवार को बड़ी संख्या में अभ्यर्थियों ने डिप्टी सीएम ब्रजेश पाठक के आवास का घेराव किया. अलग-अलग जिलों से पहुंचे युवाओं ने लंबे समय से अटकी भर्ती शुरू करने की मांग की. प्रदर्शन के दौरान कुछ अभ्यर्थियों ने हाथ जोड़कर नौकरी की गुहार लगाई और कुछ ने डिप्टी सीएम के पैर छुए. ब्रजेश पाठक ने युवाओं से मुलाकात कर उनकी समस्याएं सुनीं और तत्काल UPSSSC अध्यक्ष से फोन पर बात की.
उत्तर प्रदेश में लाइब्रेरियन भर्ती की मांग को लेकर मंगलवार को बड़ी संख्या में युवाओं ने डिप्टी सीएम ब्रजेश पाठक के आवास का घेराव किया. प्रदेश के अलग-अलग जिलों से पहुंचे अभ्यर्थियों ने लंबे समय से अटकी लाइब्रेरियन भर्ती शुरू करने की मांग की. प्रदर्शन के दौरान कुछ अभ्यर्थियों ने डिप्टी सीएम के सामने हाथ जोड़कर नौकरी की गुहार लगाई, जबकि कुछ युवाओं ने उनके पैर भी छुए.
अभ्यर्थियों से मुलाकात के बाद डिप्टी सीएम ब्रजेश पाठक ने उनकी मांगों को गंभीरता से सुना और तत्काल उत्तर प्रदेश अधीनस्थ सेवा चयन आयोग (UPSSSC) के अध्यक्ष से फोन पर बात की. उन्होंने अभ्यर्थियों की मांग पर समाधान निकालने के लिए कहा. प्रदर्शन कर रहे अभ्यर्थियों का कहना है कि उत्तर प्रदेश में वर्ष 2016 के बाद से लाइब्रेरियन के पदों पर कोई बड़ी भर्ती नहीं हुई है.
लंबे समय से भर्ती का इंतजार कर रहे युवाओं का दावा है कि कई सरकारी संस्थानों में लाइब्रेरी से जुड़े काम ऐसे लोगों से कराए जा रहे हैं, जिनके पास लाइब्रेरी साइंस की डिग्री नहीं है. अभ्यर्थियों का कहना है कि उन्होंने लाइब्रेरी साइंस की पढ़ाई और डिग्री हासिल की है, लेकिन रोजगार के अवसर नहीं मिलने के कारण वर्षों से इंतजार करना पड़ रहा है.
PET-2025 के आधार पर भर्ती निकालने की मांग
युवाओं की प्रमुख मांग है कि PET-2025 के आधार पर लाइब्रेरियन के पदों पर नई भर्ती निकाली जाए. प्रदर्शनकारियों का कहना है कि इससे बड़ी संख्या में योग्य अभ्यर्थियों को सरकारी नौकरी के लिए आवेदन का मौका मिलेगा. अभ्यर्थियों का यह भी कहना है कि यदि नियमित रूप से लाइब्रेरियन के पदों पर भर्ती होती है तो युवाओं को लाइब्रेरी साइंस की पढ़ाई करने के लिए भी प्रोत्साहन मिलेगा.
362 पदों की अधियाचना, फिर भी भर्ती का इंतजार
प्रदर्शन में शामिल अभ्यर्थियों के मुताबिक, संबंधित विभाग की ओर से 362 लाइब्रेरियन पदों की अधियाचना पहले ही भेजी जा चुकी है. इसके बावजूद भर्ती प्रक्रिया आगे नहीं बढ़ पा रही है. अभ्यर्थी अमित ने बताया कि वह कई महीनों से भर्ती की मांग को लेकर अधिकारियों के चक्कर लगा रहे हैं. 14 मई, 2 जून और 19 जून 2026 को भी पिकप भवन का घेराव किया गया था. हर बार अधिकारियों की ओर से अगले महीने भर्ती निकालने की बात कही गई, लेकिन भर्ती नहीं आई.
‘लाइब्रेरी एक्ट का पालन नहीं हो रहा’
प्रदर्शनकारी मनीष ने आरोप लगाया कि उत्तर प्रदेश में वर्ष 2006 में लाइब्रेरी एक्ट लागू हुआ, लेकिन कई जगह इसके प्रावधानों का सही तरीके से पालन नहीं हो रहा है. उन्होंने कहा कि लाइब्रेरी साइंस की डिग्री लेने वाले युवाओं को रोजगार नहीं मिल रहा, जबकि कई जगह बिना संबंधित योग्यता वाले लोगों से लाइब्रेरी का काम कराया जा रहा है. अभ्यर्थियों ने सरकार से जल्द भर्ती जारी करने की मांग की है.
‘सर नौकरी चाहिए’, डिप्टी सीएम ने सुनी छात्रों की बात
डिप्टी सीएम के आवास पर प्रदर्शन के दौरान कई युवाओं ने भावुक होकर उनसे नौकरी की मांग की. कुछ अभ्यर्थियों ने हाथ जोड़कर अपनी बात रखी और कहा- ‘सर, नौकरी चाहिए.’ डिप्टी सीएम ब्रजेश पाठक खुद आवास से बाहर आए और प्रदर्शन कर रहे युवाओं से मुलाकात की. उन्होंने उनकी समस्याएं सुनीं और भर्ती को लेकर संबंधित अधिकारियों से बात करने का भरोसा दिया.
UPSSSC अध्यक्ष से फोन पर की बात
अभ्यर्थियों से बातचीत के बाद ब्रजेश पाठक ने तत्काल UPSSSC अध्यक्ष से फोन पर बात की. उन्होंने युवाओं की मांग और भर्ती प्रक्रिया की स्थिति पर समाधान निकालने को कहा. डिप्टी सीएम ने कहा कि छात्रों की सभी समस्याओं को उन्होंने सुना है और शासन से लेकर आयोग तक हर स्तर पर रास्ता निकालने का प्रयास किया जाएगा. उन्होंने कहा कि हमारी सरकार प्रदेश के छात्रों और युवाओं के साथ खड़ी है.
