ट्रेन पकड़ने से पहले स्टेटस जरूर चेक कर लें चेक, जून में कई रूटों पर मेगा ब्लॉक
जून के महीने में कई रेलखंडों पर चल रहे मेजर और मेगा ब्लॉक की वजह से ट्रेनों का संचालन प्रभावित है. कुछ और रूटों पर दोहरीकरण और तकनीकी काम शुरू होने से कई ट्रेनों के मार्ग बदल गए हैं. वहीं, कई रूट्स पर ट्रेनों को रद्द किया गया है. ऐसी स्थिति में अगर आप ट्रेन से यात्रा करना चाह रहे हैं तो उससे पहले उसका स्टेटशन रेलवे की वेबसाइट पर जरूर जांच लें.
जून का महीना रेल यात्रियों के लिए चुनौती भरा साबित हो रहा है.पहले से कई रेलखंडों पर चल रहे मेजर और मेगा ब्लॉक की वजह से ट्रेनों का संचालन प्रभावित है. अब कुछ और रूटों पर दोहरीकरण और तकनीकी काम शुरू होने से कई ट्रेनों के मार्ग बदल गए हैं.कई ट्रेनें देरी से चल रही हैं, कुछ को दूसरे रास्तों से भेजा जा रहा है और कुछ का समय भी बदला गया है.ऐसे में रेलवे ने यात्रियों से यात्रा शुरू करने से पहले ट्रेन की स्थिति जरूर जांचने की अपील की है.
इस रूट पर सबसे ज्यादा असर
रेलवे अधिकारियों ने बताया कि लखनऊ मंडल के प्रतापगढ़-जंघई रेलखंड पर दोहरीकरण और इंटरलॉकिंग का काम चल रहा है.इस कारण कई दिनों तक ट्रेनों को बदले हुए मार्ग से चलाया जाएगा.इससे सबसे ज्यादा असर उन यात्रियों पर पड़ेगा जिनकी यात्रा पूर्वांचल और उत्तराखंड की दिशा में है.
23 से 27 जून तक बनारस-देहरादून एक्सप्रेस को बदले हुए रूट से चलाने की योजना बनाई गई है.इसके बाद 28 से 30 जून तक भी इस ट्रेन का संचालन सामान्य मार्ग की बजाय वैकल्पिक रास्ते से किया जाएगा.इसी तरह देहरादून से बनारस जाने वाली ट्रेन में भी 22 से 29 जून तक बदलाव रहेगा.
कटिहार रूट पर भी असर, कई लंबी दूरी की ट्रेनें डायवर्ट
सिर्फ उत्तर प्रदेश ही नहीं, पूर्वोत्तर दिशा की ट्रेनों पर भी असर दिखाई देगा.कटिहार मंडल के कटिहार-सोनैली और कटिहार-कुरेठा रेलखंड पर दोहरीकरण और कमीशनिंग कार्य के कारण कई ट्रेनों को अलग मार्ग से चलाया जा रहा है.रेलवे के अनुसार किशनगंज-अजमेर एक्सप्रेस, न्यू तिनसुकिया-अमृतसर एक्सप्रेस, डिब्रूगढ़-लालगढ़ एक्सप्रेस और कुछ राजधानी ट्रेनों के संचालन में भी बदलाव किया गया है.
यात्रियों को अपने ट्रेन नंबर और समय की जानकारी पहले से लेकर ही स्टेशन पहुंचने की सलाह दी गई है. रेलवे अधिकारियों का कहना है कि इन कामों का उद्देश्य भविष्य में ट्रेनों की गति और संचालन को बेहतर बनाना है, लेकिन फिलहाल यात्रियों को कुछ असुविधा का सामना करना पड़ सकता है.
दिल्ली रूट पर भी देरी, बरेली तक घंटों लेट पहुंचीं ट्रेनें
मुरादाबाद रेल मंडल के पिलखुआ-हापुड़-बाबूगढ़-कुचेसर रोड रेलखंड पर ऑटोमेटिक ब्लॉक सिग्नलिंग (एबीएस) के काम के कारण मंगलवार को कई ट्रेनों का संचालन प्रभावित रहा.कुछ ट्रेनों को गाजियाबाद से रुड़की और मुरादाबाद के रास्ते चलाया गया.
बरेली आने वाली ट्रेनों पर भी दिख रहा असर
इस बदलाव का असर बरेली आने वाली ट्रेनों पर भी दिखा.कई ट्रेनें चार से पांच घंटे की देरी से पहुंचीं.कुछ ट्रेनों को दिल्ली से ही देर से रवाना किया गया, जिससे यात्रियों को स्टेशन पर लंबा इंतजार करना पड़ा. इसके अलावा आनंद विहार, लालकुआं, रक्सौल और कासगंज रूट की ट्रेनों पर भी असर देखने को मिला.
उधर, इज्जतनगर मंडल ने जानकारी दी है कि भमोरा-आंवला रेलवे क्रॉसिंग पर मरम्मत कार्य के चलते बुधवार रात 11 बजे से गुरुवार सुबह पांच बजे तक सड़क यातायात बंद रहेगा.इस दौरान लोगों को वैकल्पिक मार्ग का उपयोग करना होगा. रेलवे ने यात्रियों से अपील की है कि स्टेशन के लिए निकलने से पहले हेल्पलाइन 139 या रेलवे के आधिकारिक ऐप पर ट्रेन की ताजा स्थिति जरूर देख लें, ताकि अनावश्यक परेशानी से बचा जा सके.