राम मंदिर चढ़ावा चोरी: चंपत राय समेत 4 लोगों पर FIR दर्ज कराने पहुंचा बार एसोसिएशन

राम मंदिर चढ़ावा चोरी मामले में अब फैजाबाद बार एसोसिएशन भी खुलकर मैदान में आ गया है. एसोसिएशन ने श्रीराम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट के महासचिव चंपत राय, ट्रस्टी अनिल मिश्रा, गोपाल राव समेत चार लोगों के खिलाफ पुलिस को शिकायत देकर एफआईआर दर्ज करने की मांग की है. फिलहाल पुलिस ने शिकायत प्राप्त कर कार्रवाई का आश्वासन दिया है.

फैजाबाद बार एसोसिएशन ने पुलिस थाने में शिकायत की

राम मंदिर चढ़ावा चोरी के मामले में अब वकीलों ने मोर्चा खोल दिया है. पहले गिरफ्तारियों, एसआईटी जांच और ट्रस्ट की कार्यप्रणाली पर उठ रहे सवालों के बीच अब फैजाबाद बार एसोसिएशन ने पुलिस थाने में शिकायत की है. बार एसोसिएशन ने श्रीराम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट के महासचिव चंपत राय, ट्रस्टी अनिल मिश्रा और गोपाल राव समेत चार लोगों के खिलाफ पुलिस में शिकायत देकर एफआईआर दर्ज करने की मांग की है.

बार एसोसिएशन का दावा है कि पुलिस ने उनकी शिकायत प्राप्त कर ली है और नियमानुसार कार्रवाई का आश्वासन दिया है. हालांकि, खबर लिखे जाने तक इस मामले में एफआईआर दर्ज नहीं हुई थी. फैजाबाद बार एसोसिएशन के अध्यक्ष कालिका प्रसाद मिश्र ने बताया कि बार एसोसिएशन की ओर से पुलिस को तीन पेज की शिकायत सौंपी गई है. शिकायत में चार लोगों के नाम शामिल हैं, जिनमें चंपत राय, अनिल मिश्रा और गोपाल राव प्रमुख हैं.

आरोपियों का केस लड़ने पर लगेगा जुर्माना

फैजाबाद बार एसोसिएशन इस पूरे मामले में पहले से ही बेहद आक्रामक रुख अपनाए हुए है. कुछ दिन पहले हुई बैठक में एसोसिएशन ने कई बड़े फैसले लिए थे. बार एसोसिएशन ने घोषणा की थी कि कोई भी वकील गिरफ्तार आरोपियों की पैरवी नहीं करेगा, अगर कोई अधिवक्ता आरोपियों का मुकदमा लड़ता है तो उस पर 5 लाख रुपये का जुर्माना लगाया जाएगा और संबंधित वकील की बार एसोसिएशन की सदस्यता समाप्त करने की भी कार्रवाई की जाएगी.

ट्रस्ट पर बढ़ा दबाव

इसके अलावा एसोसिएशन के कुछ पदाधिकारियों ने यह भी कहा था कि यदि जिम्मेदार लोगों के खिलाफ कार्रवाई नहीं हुई तो बड़े स्तर पर आंदोलन किया जाएगा. चढ़ावा विवाद सामने आने के बाद श्रीराम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट लगातार विपक्ष, संत समाज और विभिन्न संगठनों के निशाने पर है. कुछ ट्रस्टियों का कहना है कि दोषियों के खिलाफ कार्रवाई होना आवश्यक है और इससे मंदिर की व्यवस्था और अधिक पारदर्शी होगी.

क्या है पूरा मामला?

राम जन्मभूमि मंदिर में श्रद्धालुओं द्वारा प्रतिदिन बड़ी मात्रा में नकद, विदेशी मुद्रा, सोना-चांदी और अन्य बहुमूल्य वस्तुएं चढ़ावे के रूप में दी जाती हैं. कुछ दिन पहले चढ़ावे की गणना प्रक्रिया में कथित गड़बड़ी सामने आई. इसके बाद श्रीराम जन्मभूमि न्यास क्षेत्र की अपील पर उत्तर प्रदेश सरकार ने मामले की जांच के लिए विशेष जांच दल (एसआईटी) गठित किया है. एसआईटी जांच में चोरी की पुष्टि हुई. इसके बाद ट्रस्ट की ओर से पुलिस में एफआईआर दर्ज कराई गई थी.

इस मामले में अब तक आठ लोगों की गिरफ्तारी हो चुकी है. इनमें ट्रस्ट के दो कर्मचारी और बैंक के आउटसोर्स कर्मचारी शामिल हैं, जो चढ़ावे की गणना में लगाए गए थे. पुलिस के अनुसार सात आरोपियों से लगभग 80 लाख रुपये नकद, विदेशी मुद्रा और कुछ आभूषण भी बरामद किए गए हैं. फिलहाल इस मामले की पुलिस के साथ ही एसआईटी भी जांच कर रही है, जिसकी अवधि बढ़ाकर 15 जुलाई तक कर दी गई है.

सूत्रों के अनुसार, एसआईटी अब केवल कथित चोरी तक सीमित नहीं रहेगी, बल्कि ट्रस्ट की वित्तीय व्यवस्था, कर्मचारियों की नियुक्तियां, चढ़ावा गणना प्रक्रिया, आय-व्यय के रिकॉर्ड और अन्य प्रशासनिक पहलुओं की भी जांच करेगी. जरूरत पड़ने पर ट्रस्ट के वरिष्ठ पदाधिकारियों और ट्रस्टियों से पूछताछ भी की जा सकती है.

Follow Us