बदायूं में पुलिस एनकाउंटर, 50 हजार का इनामी बदमाश जितेंद्र उर्फ ढालू ढेर, दो पुलिसकर्मी घायल

बदायूं में पुलिस मुठभेड़ में 50 हजार का इनामी बदमाश जितेंद्र उर्फ ढालू मारा गया. डकैतियों के मास्टरमाइंड ढालू की तलाश पुलिस लंबे समय से कर रही थी. इस कार्रवाई में एक दरोगा और एक सिपाही भी घायल हुए, जिनका इलाज जारी है. ढालू पर कई गंभीर मुकदमे दर्ज थे और नोएडा तक उसका आतंक फैला हुआ था.

घायल पुलिसकर्मियों से अस्पताल में मिलने पहुंचीं SSP अंकिता शर्मा

उत्तर प्रदेश के बदायूं जिले में बुधवार देर रात पुलिस और बदमाशों के बीच हुई मुठभेड़ में 50 हजार का इनामी अपराधी जितेंद्र उर्फ ढालू मारा गया. यह एनकाउंटर सिविल लाइंस थाना क्षेत्र में प्रस्तावित नई जेल के पास हुई. पुलिस की जवाबी कार्रवाई में घायल हुए बदमाश को जिला अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया.

पुलिस के मुताबिक, जितेंद्र उर्फ ढालू (35 वर्ष) सम्भल के धौलाना का रहने वाला था. वह डकैती के कई मामलों में वांछित था और हाल ही में इस्लामनगर थाना क्षेत्र में हुई चर्चित डकैती का मुख्य आरोपी था. उसकी गिरफ्तारी पर डीआईजी स्तर से ₹50 हजार का इनाम घोषित किया गया था. ढालू का आतंक, बदायूं, अमरोहा से लेकर गौतमबुद्धनगर तक फैला था.

बदमाश की गोली से दरोगा और सिपाही घायल

थाना सिविल लाइन पुलिस को बुधवार रात ढालू के क्षेत्र में होने की सूचना मिली थी. इसके बाद पुलिस टीम ने घेराबंदी कर उसे पकड़ने का प्रयास किया. खुद को घिरा देख आरोपी ने पुलिस पर ताबड़तोड़ फायरिंग शुरू कर दी. वहीं, पुलिस जवाबी कार्रवाई में गोली लगने से वह घायल हो गया. उसे जिला अस्पताल पहुंचाया गया, जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया.

वहीं, मुठभेड़ के दौरान बदमाश की गोली लगने से एक दरोगा और एक सिपाही भी घायल हो गए. दोनों पुलिसकर्मियों को तत्काल अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उनका उपचार जारी है. पुलिस अधिकारियों के अनुसार दोनों की हालत स्थिर है और वे खतरे से बाहर हैं. एसएसपी बदायूं अंकिता शर्मा ने घायल पुलिसकर्मियों से अस्पताल में हालचाल लिया.

डकैती-लूट के एक दर्जन से अधिक मुकदमे दर्ज

पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार, जितेंद्र उर्फ ढालू के खिलाफ बदायूं के अलावा गौतमबुद्ध नगर, अमरोहा और अन्य जिलों में डकैती, लूट और गंभीर अपराधों के एक दर्जन से अधिक मुकदमे दर्ज थे. पुलिस ने मारे गए बदमाश के पास से एक सेमी-ऑटोमैटिक पिस्टल, बड़ी संख्या में कारतूस और अन्य साक्ष्य बरामद किए हैं.

पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है. वरिष्ठ पुलिस अधिकारी मौके पर पहुंचकर घटनास्थल का निरीक्षण किया और पूरे मामले की जांच शुरू कर दी है. पुलिस मुठभेड के संबंध में थाना सिविल लाइन पर अन्य विधिक कार्यवाही की जा रही है.

Follow Us