पत्नी ने ऐसा क्या कहा? पति ने सिलबट्टे से सिर कूचकर ले ली जान, बच्चों के साथ शव कमरे में बंदकर हुआ फरार

उत्तर प्रदेश के रामपुर में एक दिल दहला देने वाली वारदात हुई है. यहां एक पति ने मामूली कहासुनी में अपनी पत्नी की सिलबट्टे से कूचकर हत्या कर दी. आरोपी पति वारदात के बाद बच्चों और शव को कमरे में बंद कर फरार हो गया. पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है.

घटना के बाद पहुंची पुलिस

उत्तर प्रदेश के रामपुर में एक दिल दहला देने वाली वारदात हुई है. यहां मामूली कहासुनी में एक व्यक्ति ने अपनी पत्नी की सिलबट्टे से कूचकर हत्या कर दी. वारदात के बाद आरोपी शव और बच्चों को एक ही कमरे में बंद कर फरार हो गया. सूचना मिलने पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है. पुलिस ने आरोपी के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है.

मामला रामपुर के मसवासी चौकी क्षेत्र के भूबरा मुस्तेहकम स्थित मझरा सीतारामपुर गांव का है. पुलिस के मुताबिक रविवार की रात घटना की जानकारी मिली थी. इस सूचना पर पहुंची पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शव कब्जे में लिया है. प्राथमिक जांच में पता चला है कि पति-पत्नी के बीच किसी घरेलू मसले को लेकर कहासुनी हो रही थी. इसी दौरान पत्नी ने कुछ ऐसा कह दिया, जो सुनते ही पति ने आपा खो दिया और घर में रखे सिलबट्टे से कूचकर पत्नी की हत्या कर दी.

भाई ने दर्ज कराई एफआईआर

पुलिस के मुताबिक मृत महिला की पहचान रीना सैनी पत्नी धर्मेंद्र सैनी के रूप में हुई है. इस संबंध में रीना के भाई शिवम ने पुलिस में तहरीर दी है. बताया कि आरोपी बहनोई वारदात को अंजाम देने के बाद मौके से फरार हो गया. जाते जाते आरोपी उसकी बहन और दोनों मासूम बच्चों को एक ही कमरे में बंदकर ताला लगा दिया था. पुलिस ने तहरीर के आधार पर मामले की जांच शुरू की है. पोस्टमार्टम में भी सिर पर किसी भारी चीज से बार-बार मारने की पुष्टि हुई है.

दुकानदार को बताई वारदात की कहानी

पुलिस के मुताबिक वारदात के बाद आरोपी गांव में ही एक दुकानदार के पास पहुंचा और पूरा घटनाक्रम बताकर वहां से फरार हो गया. इसके बाद दुकानदार ने गांव के प्रधानपति राजू सैनी को बताया और राजू ने ही पुलिस को सूचना दी. सीओ टांडा पंकज पंत के मुताबिक आरोपी पति की तलाश के लिए स्वार कोतवाली प्रभारी अनुपम शर्मा के नेतृत्व में पुलिस टीमों गठन किया गया है. जल्द ही आरोपी को अरेस्ट कर लिया जाएगा.

Follow Us