नवजोत को किसने मारा? जिस ‘दादी’ संग भागकर की थी शादी, अब पुलिस को उसके बेटों पर है शक
रामपुर में नवजोत सिंह हत्याकांड की गुत्थी उलझती नजर आ रही है. नवजोत ने अपनी रिश्ते में 'दादी' लगने वाली एक 50 वर्षीय महिला से कोर्ट मैरिज की थी. पुलिस को आशंका है कि जमीन और 8 लाख रुपये के विवाद में महिला के बेटों ने नवजोत की हत्या की.
उत्तर प्रदेश के रामपुर में एक हत्याकांड की खौफनाक कहानी सामने आई है. हाल ही में यहां टाहकला गांव में रहने वाले नवजोत सिंह की दिनदहाड़े गोली मारकर हत्या हुई थी. वारदात के वक्त नवजोत गांव के पास स्थित अपने वॉशिंग हब पर बैठा था. इतने में बाइक सवार दो नकाबपोश आए और अंधाधुंध गोलियां बरसाकर फरार हो गए. सूचना पाकर मौके पर पहुंची पुलिस ने मामले की जांच शुरू की तो इस हत्याकांड के पीछे की असली कहानी सामने आ गई.
दरअसल 35 वर्षीय नवजोत की पहली शादी करीब 5 साल पहले हुई थी. इस शादी के कुछ दिन बाद ही उसकी पत्नी ने जहरीला पदार्थ खा लिया थ. इस मामले में नवजोत के ससुरालियों ने दहेज हत्या का मुकदमा दर्ज कराया, जिसमें उसे जेल जाना पड़ा था. जेल से छूटने के बाद नवजोत अपने रिश्ते में दादी लगने वाली एक 50 वर्षीय विधवा महिला के संपर्क में आया और फिर उनके बीच प्रेम प्रसंग शुरू हो गया. काफी समय तक प्रेम प्रसंग में रहने के बाद दोनों ने भागकर कोर्ट मैरिज कर ली.
टकराव के बाद बदले हालात
पुलिस की जांच में पता चला कि इस शादी के कुछ दिन तो ठीक रहा, लेकिन संपत्ति को लेकर नवजोत और उसकी दूसरी पत्नी में विवाद होने लगा. इसी बीच न्यूजीलैंड में रहने वाले महिला के बेटों ने उसे नई गाड़ी खरीदने के लिए 8 लाख रुपये भेजे. आरोप है कि नवजोत की नजर इन पैसों पर पड़ गई. इसके अलावा वह महिला की ढाई एकड़ भी अपने नाम कराना चाहता था. अब नवजोत की हत्या के बाद पुलिस इस प्रापर्टी विवाद के एंगल से देखने की कोशिश कर रही है.
विदेश से लौटे बेटों पर शक
पुलिस को मिले इनपुट के मुताबिक महिला के बेटों को पता चला कि उसकी मां को भेजे पैसे और जमीन नवजोत ने हथिया लिए हैं तो वह वापस लौटे. इस संबंध में गांव में पंचायत भी कराई. लेकिन कोई बात नहीं बनी तो वह वापस लौट गए. लेकिन इनके बीच रंजिश बरकरार रही. पुलिस को आशंका है कि नवजोत की हत्या के उसकी पत्नी के बेटों का हाथ हो सकता है. हालांकि पुलिस अभी इस संबंध में साफ तौर पर कुछ भी कहने से बच रही है.