दोस्त की चिता से लौटा और ले ली दोनों बहनों की जान, रक्षाबंधन से ठीक पहले क्यों हैवान बना भाई? सामने आई वजह
रुड़की में एक भाई ने अपनी सगी दो बहनों की गोली मारकर हत्या कर दी. पुलिस जांच में सामने आया कि आरोपी को अपनी बहनों के चरित्र पर शक था, जिसके चलते उसने इस वारदात को अंजाम दिया. यह डबल मर्डर रक्षाबंधन से ठीक पहले हुआ, और आरोपी ने तीन दिन रेकी करने के बाद वारदात को अंजाम दिया था. पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है.
उत्तराखंड के रुड़की में मंगलवार को हुए डबल मर्डर कांड का पुलिस ने खुलासा कर दिया है. पुलिस ने आरोपी को अरेस्ट करते हुए उसके पिता व दो अन्य रिश्तेदारों को भी हिरासत में लिया है. पुलिस की पूछताछ में पता चला है कि आरोपी ने अचानक आवेश में आकर इस वारदात को अंजाम नहीं दिया, बल्कि वह करीब एक महीने से वारदात के लिए मौके की तलाश में था. पुलिस मामले की छानबीन कर ही है.
बता दें कि रुड़की की गंगनहर कोतवाली क्षेत्र में मंगलवार को एक युवक ने अपनी दो सगी बहनों की गोली मारकर हत्या कर दी. आरोपी ने यह वारदात उनके ससुराल में जाकर अंजाम दिया. इस दौरान गोली लगने से आरोपी के एक बहनोई भी बुरी तरह जख्मी हो गए हैं. उन्हें फिलहाल अस्पताल में भर्ती कराया गया है. उधर, वारदात के बाद हरकत में आई पुलिस ने ताबड़तोड़ दबिश देते हुए बुधवार की अल सुबह आरोपी को दबोच लिया.
सामने आई ये वजह
पुलिस के मुताबिक आरोपी की पहचान चुड़ियाला गांव के रहने वाले विवेक उर्फ विक्की के रूप में हुई है. पुलिस ने उसके कब्जे से 315 बोर का तमंचा और जिंदा कारतूस बरामद किए हैं. पुलिस के मुताबिक, आरोपी को अपनी दोनों बहनों के चरित्र पर शक था. उसे लगता था कि बहनों की चाल चलन की वजह से उसके परिवार की बदनामी हो रही है. इसी शक ने उसके मन में इतना गुस्सा पैदा किया कि उसने रक्षाबंधन से ठीक पहले अपनी सगी बहनों को मौत के घाट उतार दिया.
तीन दिन रेकी के बाद वारदात
पुलिस की जांच में पता चला है कि आरोपी ने वारदात से पहले तीन दिन तक अपनी बहनों की रेकी की. एसएसपी हरिद्वार नवनीत सिंह भुल्लर के मुताबिक सीसीटीवी फुटेज में आरोपी को बहनों के घर के आसपास मंडराते देखा गया है. पुलिस की पूछताछ में आरोपी ने बहनों के चरित्र पर शक की बात कबूल की है. उसने बताया कि दोस्त के अंतिम संस्कार से लौटते ही वारदात को अंजाम देने का फैसला किया और फिर बाइक से दोनों बहनों के घर जाकर उन्हें गोली मार दी.