दोनों कान काटे, गला रेता… सहारनपुर में कारोबारी की पत्नी की घर में घुसकर निर्मम हत्या

सहारनपुर में कारोबारी की पत्नी की घर में घुसकर हत्या से सनसनी फैल गई है. पुलिस ने शव कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है. एसएसपी के मुताबिक, प्रथम दृष्टया परिचित पर शक है, क्योंकि घर में जबरन प्रवेश या लूट के कोई संकेत नहीं मिले. जांच के लिए पुलिस की 6 टीमें गठित की गई हैं.

घर में महिला की हत्या से सनसनी Image Credit:

सहारनपुर के नकुड़ थाना क्षेत्र स्थित अंबेटापीर (अंबेहटा) कस्बे में सोमवार को कॉस्मेटिक कारोबारी की पत्नी की निर्मम हत्या कर दी गई. दिनदहाड़े घर में घुसकर हुई एक महिला की हत्या से क्षेत्र में सनसनी फैल गई. मुख्य बाजार क्षेत्र में स्थित अपने आवास में 58 वर्षीय महिला मृत अवस्था में मिली. घटना की सूचना मिलते ही पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया.

जामकारी के मुताबकि, मृतका के पति संजय मित्तल कस्बे में कॉस्मेटिक का कारोबार करते हैं. बताया जा रहा है कि घटना के समय उनकी पत्नी पूनम मित्तल घर पर अकेली थीं. एसएसपी के मुताबिक, प्रथम दृष्टया परिचित पर शक है, क्योंकि घर में जबरन प्रवेश या लूट के कोई संकेत नहीं मिले. पुलिस ने आरोपी की गिरफ्तारी के लिए 6 टीमें गठित की हैं.

गला रेता हुआ था और दोनों कान भी कटे थे

पुलिस के मुताबिक, घटना शाम करीब 4 बजे तब सामने आई जब महिला के पति संजय मित्तल शहर के मेन मार्केट में अपनी दुकान से घर लौटे. उन्होंने पूनम को खून से लथपथ बिस्तर पर पड़ा पाया, उनका गला रेता हुआ था और दोनों कान भी कटे थे. घटना की जानकारी मिलते ही नकुड़ पुलिस और फोरेंसिक टीम मौके पर पहुंची और जांच शुरू की.

पुलिस ने कहा कि आस-पास के इलाकों से CCTV फुटेज की जांच की जा रही है और स्थानीय लोगों से कोई भी सुराग शेयर करने के लिए कहा गया है. वहीं मौके पर पहुंचे SSP अभिनंदन ने बताया कि प्रारंभिक जांच में महिला के गले पर धारदार हथियार से चोट के निशान पाए गए हैं. घटनास्थल के निरीक्षण के दौरान घर में जबरन प्रवेश के कोई साक्ष्य नहीं मिले हैं.

किसी परिचित व्यक्ति की संलिप्तता की ओर संकेत

पुलिस के अनुसार प्रथम दृष्टया मामला किसी परिचित व्यक्ति की संलिप्तता की ओर संकेत करता है. पुलिस ने तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज किया है. छह पुलिस टीमों का गठन किया गया है, जो विभिन्न पहलुओं पर जांच कर रही हैं. सीसीटीवी फुटेज, तकनीकी साक्ष्य और अन्य महत्वपूर्ण बिंदुओं के आधार पर जांच को आगे बढ़ाया जा रहा है.

SHO देवेश कुमार शर्मा ने PTI को बताया, ‘व्यापारी संजय मित्तल और उनकी पत्नी पूनम साथ रहते थे. उनके बेटे और बहू मुजफ्फरनगर में बिजनेस करते हैं. उन्होंने कहा कि शक है कि हमलावर चोरी के इरादे से घर में घुसे थे और पहचान छिपाने के लिए महिला की हत्या कर दी. पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पंचनामा भर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है.

Follow Us