सहारनपुर के आशाराम आश्रम में खुनी खेल, सेवादार की पीट-पीट कर हत्या; एक गिरफ्तार
सहारनपुर के आशाराम आश्रम में सेवादार की हत्या से सनसनी फैल गई है. सेवादार पर लोहे की रॉड से हमला किया गया था, अब इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई है. मृतक ओडिशा का रहने वाला था, और कई सालों से आश्रम में सेवारत था. पुलिस ने मुख्य आरोपी को हिरासत में लेकर जांच शुरू कर दी है.
सहारनपुर के अंबाला रोड स्थित आशाराम आश्रम में एक सेवादार की हत्या से हड़कंप मच गया. आश्रम में कार्यरत सेवक पर लोहे की रॉड से हमला किए जाने के बाद उसे गंभीर हालत में अस्पताल में भर्ती कराया गया था, जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई. मृतक की पहचान भरत के रूप में हुई है, जो मूल रूप से ओडिशा का रहने वाला बताया जा रहा है.
भरत कई वर्षों से आश्रम में सेवादार के तौर पर कार्य कर रहा था. जानकारी के अनुसार, दो दिन पहले आश्रम परिसर में किसी बात को लेकर विवाद हो गया था. देखते ही देखते विवाद इतना बढ़ गया कि गौरव नाम के युवक ने भरत पर लोहे की रॉड से हमला कर दिया. रॉड सिर में लगने से भरत गंभीर रूप से घायल होकर मौके पर ही गिर पड़ा.
पांच लाख रुपये के लेनदेन को लेकर था विवाद
घटना के बाद आश्रम में मौजूद लोगों ने आनन-फानन में घायल भरत को अस्पताल पहुंचाया. हालत नाजुक होने पर डॉक्टरों ने उसे हायर सेंटर रेफर कर दिया, लेकिन इलाज के दौरान शुक्रवार को भरत की मौत हो गई. सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है. साथ ही आरोपी गौरव को हिरासत में ले लिया.
गिरफ्तार आरोपी गौरव भी आश्रम में सेवादार है. दोनों परिसर के भीतर ही रहकर सेवादार के रूप में पैसों और व्यवस्था की देखरेख करते थे. इससे पहले भी इनके बीच आपस में झगड़ा हुआ था. पुलिस की शुरुआती जांच में पता चला है कि गौरव और उसके भाई सौरभ के बीच करीब पांच लाख रुपये के लेनदेन को लेकर विवाद चल रहा था.
पूरे मामले की गंभीरता से जांच की जा रही- पुलिस
पुलिस का मानना है कि पैसों के लेन-देन के इसी विवाद के दौरान मारपीट की घटना सामने आई, जिसमें भरत नाम के सेवादार की मौत हो गई. पुलिस अधिकारियों का कहना है कि पूरे मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है. तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी. फिलहाल, इस घटना से आश्रम में सनसनी फैल गई है.