मोहाली बम साजिश में देवबंद का युवक गिरफ्तार, पाकिस्तानी गैंगस्टर से कनेक्शन!

मोहाली बम साजिश में देवबंद के एक युवक को गिरफ्तार किया गया है. आरोप है कि वह जंगी ऐप और इंस्टाग्राम के जरिए पाकिस्तानी गैंगस्टर शहजाद भट्टी के संपर्क में था, जिसने उसे मोहाली में विस्फोट का लक्ष्य दिया था. यूपी एटीएस और पंजाब पुलिस की संयुक्त कार्रवाई में यह गिरफ्तारी की गई.

देवबंद युवक मोहाली बम प्लॉट में गिरफ्तार

पंजाब के मोहाली में बम विस्फोट की साजिश के मामले में सहारनपुर के देवबंद निवासी मोहम्मद मोहतसीम को गिरफ्तार किया गया है. पंजाब पुलिस की स्टेट स्पेशल ऑपरेशन सेल (SSOC) और यूपी एटीएस की संयुक्त कार्रवाई में यह गिरफ्तारी की गई. जांच एजेंसियों का दावा है कि मोहतसीम का संपर्क पाकिस्तान से जुड़े गैंगस्टर शहजाद भट्टी से था.

जानकारी के मुताबिक, 3 जून को SSOC मोहाली ने YPS चौक फेज-7 से मनी सिंह, अभिषेक कुमार, शहजाद भट्टी समेत अन्य आरोपियों को गिरफ्तार किया था. इनके कब्जे से 1 किलो 928 ग्राम आईईडी बम बनाने का सामान बरामद किया था. पुलिस पूछताछ में गिरफ्तार आरोपी मनी सिंह ने देवबंद के रहने वाले मोहम्मद मोहतसीम का नाम उजागर किया था.

मोहाली में बम विस्फोट करने का मिला था लक्ष्य

आरोपी मोहम्मद मोहतसीम, सहारनपुर के थाना देवबंद क्षेत्र के गांव बचीटी का रहने वाला है. मनी सिंह ने बताया कि वह और मोहतसीम इंस्टाग्राम और जंगी एप के जरिए से पाकिस्तानी गैंगस्टर शहजाद भट्टी के संपर्क में थे. दोनों का परिचय शहजाद भट्टी ने ही कराया था. जांच में सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर उनकी आपसी कनेक्टिविटी के साक्ष्य भी मिले हैं.

जांच में यह भी दावा किया गया है कि मनी सिंह और मोहतसीम दोनों को मोहाली में बम विस्फोट करने का लक्ष्य दिया गया था. इसी सूचना के आधार पर पंजाब पुलिस ने यूपी एटीएस से संपर्क किया. इसके बाद 4 जून को SSOC मोहाली की टीम सहारनपुर पहुंची और एटीएस यूनिट के सहयोग से मोहतसीम के खिलाफ कार्रवाई करते हुए उसे गिरफ्तार कर लिया.

मोबाइल फोन और डिजिटल नेटवर्क की जांच जारी

सुरक्षा एजेंसियां अब आरोपी के मोबाइल फोन, सोशल मीडिया अकाउंट और डिजिटल नेटवर्क की जांच कर रही हैं. मामले को राष्ट्रीय सुरक्षा से जुड़ा मानते हुए पंजाब पुलिस, यूपी एटीएस और अन्य एजेंसियां संयुक्त रूप से जांच में जुटी हुई हैं. अधिकारियों का मानना है कि जांच आगे बढ़ने पर इस नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की भूमिका भी सामने आ सकती है.

बीते हफ्ते भी सहारनपुर के सरसावा इलाके से पाकिस्तानी गैंगस्टर शहजाद भट्टी से संबंध रखने वाले चार युवकों को यूपी एटीएस ने गिरफ्तार किया था जिनमें दो युवक सहारनपुर, एक-एक मुजफ्फरनगर और उत्तराखंड के हरिद्वार का रहने वाला था. हाल ही के दिनों में हुई इन सभी कार्रवाई के बाद सहारनपुर जिले में सुरक्षा एजेंसियां अलर्ट पर हो गई है.

Follow Us