‘G और J में फंसा देंगे, फिर SP नहीं आएगा’, ABCD पर अखिलेश को जयंत का जवाब
सहारनपुर की स्वाभिमान रैली में RLD प्रमुख और केंद्रीय मंत्री जयंत चौधरी ने समाजवादी पार्टी और अखिलेश यादव पर जमकर निशाना साधा. अखिलेश के बयानों पर जयंत ने कहा कि उनकी कोशिश रहती है कि कोई दुश्मन न बने, लेकिन बार-बार निशाना बनाए जाने पर जवाब देना पड़ता है. मंच से सपा नेताओं के पुराने वीडियो चलवाते हुए उन्होंने तंज कसा- राजनीति की ABCD छोड़ो, हम आपको G और J में फंसा देंगे, फिर SP नहीं आएगा.
सहारनपुर की स्वाभिमान रैली से RLD चीफ और केंद्रीय मंत्री जयंत चौधरी ने समाजवादी पार्टी और अखिलेश यादव पर बड़ा हमला बोला है. जयंत चौधरी ने कहा कि उनकी कोशिश रहती है कि कोई दुश्मन न बने लेकिन उन्होंने अखिलेश यादव को छेड़ा नहीं, फिर भी वो बार-बार बोल रहे हैं. जयंत ने मंच से सपा नेताओं के पुराने वीडियो चलवाए और सपा पर तंज कसते हुए कहा कि राजनीति की ABCD छोड़ो… हम आपको G यानी गन्ना और J यानी जाट में फंसा देंगे.
सहारनपुर की स्वाभिमान रैली में मंच पर जयंत चौधरी थे और निशाने पर समाजवादी पार्टी. अखिलेश यादव के बयानों को लेकर पूछे गए सवाल पर जयंत चौधरी ने कहा कि मेरी कोशिश रहती है कि कोई दुश्मन न बनाऊं, लेकिन साथ ही उन्होंने ये भी साफ कर दिया कि अगर उन्हें बार-बार निशाना बनाया जाएगा तो जवाब भी दिया जाएगा. इसके बाद जयंत ने मंच से सपा नेताओं के वीडियो चलवाए और समाजवादी पार्टी पर सियासी तंज कसा.
‘… फिर SP नहीं आएगा’
केंद्रीय मंत्री जयंत चौधरी ने कहा, ‘राजनीति की ABCD छोड़ो… हम आपको G और J में फंसा देंगे… फिर SP नहीं आएगा.’ जयंत के इस बयान में G का मतलब गन्ना और J का मतलब जाट बताया गया यानी पश्चिमी यूपी के दो बड़े राजनीतिक फैक्टरों को लेकर RLD चीफ ने समाजवादी पार्टी को घेरने की कोशिश की. गन्ना किसान पश्चिमी यूपी की राजनीति का बड़ा मुद्दा रहा है और जाट वोट बैंक भी इस इलाके में चुनावी समीकरणों को प्रभावित करता है.
योगी सरकार की तारीफ
ऐसे में जयंत का ये बयान सीधे तौर पर पश्चिमी यूपी में RLD की अपनी राजनीतिक जमीन और प्रभाव का संदेश माना जा रहा है. जयंत चौधरी ने सिर्फ समाजवादी पार्टी पर हमला नहीं किया बल्कि योगी सरकार की कानून-व्यवस्था की भी तारीफ की. उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश में धीरे-धीरे नया राजनीतिक और प्रशासनिक कल्चर तैयार हुआ है. जयंत के मुताबिक, बेहतर कानून-व्यवस्था का सीधा असर निवेश पर भी दिखाई दे रहा है.
‘रोजगार के नए अवसर पैदा होंगे’
CM योगी आदित्यनाथ की जीरो टॉलरेंस नीति और पुलिस सुधार का जिक्र करते हुए जयंत ने कहा कि आज आम नागरिक के भीतर ये विश्वास पैदा हुआ है कि सरकार उसकी जान-माल की सुरक्षा को लेकर गंभीर है. RLD चीफ ने यूपी में निवेश और रोजगार के मुद्दे पर भी सरकार की तारीफ की. डेटा सेंटर, सेमीकंडक्टर और डिफेंस सेक्टर में निवेश की संभावनाओं का जिक्र करते हुए जयंत ने कहा कि प्राइवेट सेक्टर की भागीदारी बढ़ने से रोजगार के नए अवसर पैदा होंगे.
बीजेपी से रिश्ते पर क्या बोले?
वहीं किसानों के मुद्दे पर उन्होंने गन्ने का जिक्र किया. जयंत ने कहा कि रालोद चुनाव के बाद भी गन्ने के मुद्दे पर सरकार के सामने अपनी बात रख चुका है और उन्हें उम्मीद है कि राज्य सरकार किसानों के हित में उचित फैसला करेगी. अब बात उस सियासी रिश्ते की… जिसने पश्चिमी यूपी की राजनीति को हमेशा प्रभावित किया है. बीजेपी और RLD के रिश्तों को लेकर जयंत चौधरी ने कहा कि दोनों दलों के बीच विश्वास और परस्पर सम्मान है.
सपा पर हमलावर
उन्होंने कहा कि कुछ राजनीतिक दलों के बीच आपसी सम्मान की कमी दिखाई देती है, जबकि बीजेपी और RLD के बीच सहयोग और सम्मान का रिश्ता है. वहीं समाजवादी पार्टी के संभावित गठबंधन को लेकर जयंत ने सवाल सपा की तरफ ही मोड़ दिया. उन्होंने कहा कि इसका जवाब समाजवादी पार्टी से ही पूछा जाना चाहिए. साथ ही जयंत ने गठबंधन की राजनीति में ‘विश्वास और सम्मान’ को जरूरी बताया और इशारों में सहयोगी दलों को भी सोचने की नसीहत दी.
