मूंछें काटी, मुंड दिया सिर; दबंगों ने किस बात के लिए युवक को दी ऐसी सजा… FIR दर्ज

उत्तर प्रदेश के सहारनपुर में एक युवक के साथ अमानवीय वारदात सामने आई है. दबंगों ने युवक की बुरी तरह पिटाई की, उसकी मूंछें काटीं और पूरा सिर मुंडवा दिया. सोशल मीडिया पर घटना का वीडियो वायरल होने के बाद पुलिस ने FIR दर्ज कर ली है. आरोप है कि युवक को किसी लड़की से मिलने के शक में यह सजा दी गई. पुलिस मामले की गहनता से जांच कर रही है.

वायरल हुआ वीडियो Image Credit:

उत्तर प्रदेश के सहारनपुर में एक युवक के साथ मारपीट का मामला सामने आया है. आरोप है कि दबंगों ने युवक की मुंछें का दी, भौंहें छिल दिया. यही नहीं, आरोपियों उसकी चोटी काटने के बाद पूरा सिर भी मुंड दिया. इस घटना का एक वीडियो भी सोशल मीडिया में वायरल हो रहा है. वारदात सहारनपुर के थाना फतेहपुर क्षेत्र के गांव कमालपुर की है. सूचना मिलने पर एक्शन में आई पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है.

पुलिस के मुताबिक इस वारदात के संबंध में सुशील शर्मा नामक युवक ने पुलिस में शिकायत दी है. अपनी तहरीर में पीड़ित ने बताया कि 29 जुलाई की रात करीब 9 बजे वह किसी काम से कमालपुर गांव गाया था. वहां आरोपियों नरेश पुत्र चन्द्रपाल सैनी, विजयपाल पुत्र हरपाल, लविश पुत्र नरेश सैनी और बाबू पुत्र श्याम सिंह आदि उसे घेरकर पहले गाली गलौज की और उसके बाल मुंडवा कर अपमानित किया.

ट्रीमर से काटी मूंछें और चोटी

पीड़ित ने अपनी शिकायत में बताया कि आरोपियों ने बुरी तरह से मारपीट करने के बाद ट्रीमर मशीन से उसके बाल जबरन मुंड दिए. इसी मशीन से उसकी मूंछें और भौंहें तक छिल दिए. विरोध करने पर आरोपियों ने उसे जान से मारने की धमकी दी. इस वारदात के बाद वह डर के मारे चुप रहा, लेकिन बाद में उसने फतेहपुर थाना पुलिस को शिकायत दी. इस शिकायत के आधार पर पुलिस ने मामला दर्ज किया है.

जांच में जुटी पुलिस

पुलिस ने तहरीर के आधार पर चारों आरोपियों के खिलाफ नामजद मुकदमा दर्ज किया है. पुलिस के मुताबिक घटना से संबंधित वायरल वीडियो की भी जांच कराई जा रही है. पुलिस के मुताबिक इस वीडियो के साथ एक मैसेज भी है. इसमें कहा जा रहा है कि युवक वारदात की रात में चोरी-छिपे गांव की एक लड़की से मिलने आया था. वहां ग्रामीणों ने इसे रंगे हाथ पकड़ लिया. इसके बाद यह सजा दी गई. पुलिस के मुताबिक फिलहाल मामले की जांच कराई जा रही है.

Follow Us