सहारनपुर: देवर ने गर्भवती भाभी को फावड़े से काट डाला, फिर दो घंटे तक कब्जे में रखा शव
सहारनपुर में एक देवर ने अपनी गर्भवती भाभी की धारदार हथियार से हत्या कर दी. पारिवारिक कलह, खासकर प्रेम विवाह, इस खूनी वारदात का कारण बताया जा रहा है. आरोपी ने शव को दो घंटे तक कमरे में बंधक बनाए रखा, जिससे इलाके में दहशत फैल गई.
सहारनपुर के नानौता कस्बे में रविवार देर शाम उस समय सनसनी फैल गई, जब एक युवक ने अपनी ही गर्भवती भाभी की धारदार हथियार से हत्या कर दी. इतना ही नहीं, आरोपी देवर ने करीब दो घंटे तक शव को कमरे में बंधक बनाए रखा. आरोपी के हाथ में फावड़ा होने के कारण इलाके में दहशत का माहौल बना रहा. आखिर में पुलिस बुलाने पर मामला शांत हुआ.
सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और काफी मशक्कत के बाद आरोपी को गिरफ्तार कर लिया. जानकारी के अनुसार, नगर के मोहल्ला चाहंमजिली निवासी सलमान रावी पुत्र इशहाक ने करीब पांच महीने पहले सना नाम की युवती से प्रेम विवाह किया था. बताया जा रहा है कि युवती गैर बिरादरी की थी, जिसके कारण देवर ने उसे मौत के घाट उतार दिया.
आरोपी भाई की गैर बिरादरी में शादी से था नाराज
बताया जा रहा है कि शादी के बाद से ही इसको लेकर परिवार में तनाव का माहौल था. शादी के बाद दोनों कुछ समय अलग मकान में रहे, लेकिन पिछले दो महीनों से सलमान अपनी पत्नी सना को पैतृक घर में लेकर रह रहा था. सना 4 महीने की गर्भवती भी बताई जा रही है. हत्या सलमान का छोटा भाई आमिर राव इस शादी से काफी नाराज था.
आरोपी आमिर राव, जो दूसरे राज्य में फलों का कारोबार करता है, कुछ दिन पहले घर लौटा था. परिजनों और आसपास के लोगों के अनुसार, वह अपने बड़े भाई की गैर बिरादरी में हुई शादी से नाराज था. रविवार शाम इसी विवाद ने खूनी रूप ले लिया. आरोप है कि आमिर ने धारदार हथियार से अपनी भाभी सना पर हमला कर उसकी हत्या कर दी.
कमरे में शव के साथ 2 घंटे तक बंद रहा आरोपी
हत्या के बाद आरोपी कमरे में शव के साथ बंद हो गया और करीब दो घंटे तक जमकर उत्पात मचाता रहा. उसकी चीख-पुकार और दहाड़ से मोहल्ले में अफरा-तफरी मच गई. लोग अपने घरों में कैद हो गए. प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, आरोपी के हाथ में फावड़ा था और जो भी उसके पास जाने की कोशिश करता, वह उस पर हमला करने के लिए दौड़ पड़ता था.
सूचना पर पहुंची पुलिस ने आसपास का क्षेत्र घेर लिया और काफी देर तक समझाने के बाद किसी तरह आरोपी को काबू में किया. थाना प्रभारी नवीन कुमार सैनी ने बताया कि आरोपी को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है. शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है. पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी हुई है. वहीं, पूरे इलाके में दहशत का माहौल बना हुआ है.