वोट के लिए कुछ भी… प्रधानी के उम्मीदवार ने गांव में कराया अश्लील डांस, वायरल वीडियो पर हो गया एक्शन
उत्तर प्रदेश में पंचायत चुनाव में जीत के लिए उम्मीदवार कुछ भी कर गुजरने को तैयार हैं. इसी क्रम में सहारनपुर में एक प्रधानी उम्मीदवार ने मतदाताओं को रिझाने के लिए गांव में अश्लील डांस करा दिया. इसका वीडियो वायरल होने के बाद पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए उम्मीदवार और उसके साथी को गिरफ्तार कर लिया है.
उत्तर प्रदेश में पंचायत चुनाव भले ही अभी डिक्लीयर नहीं हुए हैं, लेकिन उम्मीदवार मतदाताओं को अपने पक्ष में करने के लिए कुछ भी करने को तैयार है. ऐसा ही कुछ मामला सहारनपुर में देखने को मिला है. यहां एक उम्मीदवार ने मतदाताओं को रिझाने के लिए गांव में बार बालाओं का डांस करा दिया. एक सार्वजनिक स्थान पर हुए इस डांस का वीडियो सोशल मीडिया में वायरल हो गया. इसके बाद हरकत में आई पुलिस ने उम्मीदवार को अरेस्ट कर लिया है.
मामला सहारनपुर में फतेहपुर थाना क्षेत्र के दत्तौली मुगल गांव का है. पुलिस ने इस मामले में उम्मीदवार के साथ उसके एक साथी को भी अरेस्ट कर जेल भेजा है. पुलिस के मुताबिक 10 फरवरी 2026 को दत्तौली मुगल गांव में सार्वजनिक स्थल पर हुए कार्यक्रम का आयोजन किया गया. इसमें बार बालाओं को बुलाकर अश्लील डांस कराया गया है. घटना का वीडियो वायरल होने पर पुलिस ने मामले में संज्ञान लेते हुए कार्रवाई की है.
मामले की जांच में जुटी पुलिस
पुलिस के मुताबिक पकड़े गए आरोपियों की पहचान नौशाद पुत्र इशरत उर्फ भूरा और गुलफान पुत्र सलाम निवासी दत्तौली मुगल के रूप में हुई है. इनमें नौशाद ग्राम प्रधान पद के लिए चुनाव लड़ने की तैयारी कर रहा था. इन दोनों की पहचान वायरल वीडियो से करते हुए पुलिस ने इन्हें अरेस्ट किया है. इन दोनों पर गांव में अश्लीलता फैलाने और मतदाताओं को भ्रमित करने का आरोप है. पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है.
कार्यक्रम में दिखे कई उम्मीदवार
स्थानीय लोगों के मुताबिक आगामी पंचायत चुनाव में अपनी जीत पक्की करने के लिए कई उम्मीदवार जी जान से जुटे हैं. इसके लिए पानी की तरह पैसा भी बहाया जा रहा है. वायरल वीडियो में भी इस आयोजन के स्तर को देखा जा सकता है. इसमें एक तरफ मंच पर बार बालाएं डांस कर रही हैं तो दूसरी ओर वहां मौजूद लोग मजे लेते नजर आ रहे हैं. बताया जा रहा है कि इसमें बड़ी संख्या में कई अन्य उम्मीदवार भी शामिल थे. इन्हीं में से किसी ने इसका वीडियो बनाकर सोशल मीडिया में भी डाला है.