पहले पिलाई शराब, फिर कुल्हाड़ी से काट कर मिटा दिया सुहाग; BF मिलन में बाधा बन रहा था पति

उत्तर प्रदेश के इटावा में पत्नी और उसके प्रेमी ने मिलकर पति रनवीर सिंह यादव की निर्मम हत्या कर दी. अवैध संबंध में पति के बाधा बनने पर दोनों ने पहले शराब पिलाई, फिर कुल्हाड़ी से काटकर उसे मौत के घाट उतार दिया. पुलिस ने 24 घंटे के भीतर आरोपियों पूजा और अर्पित को गिरफ्तार कर लिया. यह वारदात पूर्व नियोजित थी.

प्रेमी संग इटावा पुलिस की गिरफ्त में हत्यारन पत्नी

उत्तर प्रदेश के इटावा में एक हैरान करने वाली घटना हुई है. यहां एक महिला ने खुद अपने ही हाथों अपने पति की हत्या कर दी है. उसके पति की गलती इतनी भर थी कि वह पत्नी और उसके बॉयफ्रेंड के मिलन में बाधा बन रहा था. मामला इटावा के भरथना थाना क्षेत्र में पड़ियापुर गांव का है. सोमवार की सुबह युवक का शव उसके घर के बाहर मिला था. इस संबंध में युवक के भाई ने अपनी भाभी और उसके प्रेमी के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया है. पुलिस ने महज 24 घंटे के अंदर दोनों आरोपियों को अरेस्ट कर वारदात का खुलासा करते हुए इन्हें जेल भेज दिया है.

पुलिस के मुताबिक मृतक की पहचान रनवीर सिंह यादव (45) पुत्र लाखन सिंह के रूप में हुई है. रनवीर का खून से लथपथ शव सोमवार की सुबह खेत में बने मकान के बाहर चबूतरे पर मिला था. पास में ही खून से सनी कुल्हाड़ी भी पड़ी थी. वहीं घर में रनवीर की पत्नी अपनी बच्ची संग गायब थी. पुलिस के मुताबिक रनवीर के पिता ने यह दृश्य देख कर शोर मचाया. इसके बाद गांव के लोगों ने सूचना पुलिस को दी. मौके पर पहुंची पुलिस ने शव कब्जे में लेकर मामले की जांच पड़ताल शुरू की. फोरेंसिक टीम की मदद से मामले की जांच की तो पहला शक मृतक की पत्नी पर हुआ.

सामने आई प्रेम कहानी

इसके बाद पुलिस ने मृतक के भाई की तहरीर पर मुकदमा दर्ज कर उसकी पत्नी की तलाश की. जिन्हें महज 24 घंटे के अंदर बिधूना रोड स्थित अन्हैया नदी के पास से गिरफ्तार कर लिया गया है. मामले की जांच में पता चला है कि रनवीर की पत्नी पूजा और इसी गांव के रहने वाले युवक अर्पित के बीच करीब एक साल से अवैध संबंध था. दोनों अक्सर चोरी छुपे मिलते थे. जानकारी होने पर रनवीर ने इसका विरोध किया और इसी बात को लेकर इनके बीच कई बार झगड़े भी हुए. ऐसे में पूजा का प्रेमी से मिलन मुश्किल हो गया और फिर दोनों ने मिलकर रनवीर को ही रास्ते से हटाने की योजना बना डाली.

ऐसे दी वारदात को अंजाम

योजना के मुताबिक रविवार की शाम रनवीर ट्रक चलाकर घर लौटा तो पूजा ने बड़े प्यार से उसे शराब पिलाया और जब वह नशे में टुन्न हो गया तो प्रेमी संग मिलकर कुल्हाड़ी से काटकर हत्या कर दी. वारदात से पहले आरोपियों ने अपने पालतू कुत्ते को घर से थोड़ा दूर बबूल के पेड़ से बांध दिया, ताकि किसी तरह का शोर ना हो. इसके बाद आरोपियों ने नशे में धुत रनवीर पर कुल्हाड़ी से 9 वार किए. इससे मौके पर ही उसकी मौत हो गई.

फरार होने की असफल कोशिश

वारदात के बाद पूजा और उसके प्रेमी ने फरार होने की असफल कोशिश की. पहले बाइक को धक्का लगाकर मुख्य सड़क तक ले आए और फिर पूजा अपनी बेटी के साथ अर्पित संग बाइक पर बैठकर फरार हो गई. यहां से दोनों पहले एक रिश्तेदारी में गए, जहां बेटी को छोड़ दिया और रात पर यहां से दूर जाने के लिए पैसे का जुगाड़ करते रहे. इसी बीच हरकत में आई पुलिस ने सर्विलांस की मदद से दोनों की लोकेशन भरथना बिधूना रोड स्थित अन्हैया नदी के पास ट्रैस किया और दबिश देकर इन्हें अरेस्ट कर लिया.

क्या कहते हैं अधिकारी?

एएसपी ग्रामीण श्रीशचंद ने बताया कि यह हत्या पूरी तरह से पूर्व नियोजित थी. पत्नी और उसके प्रेमी के बीच लंबे समय से अवैध संबंध थे, जिनका रनवीर लगातार विरोध कर रहा था. इसी वजह से दोनों ने मिलकर उसे रास्ते से हटाने की साजिश रची. मामले में ठोस साक्ष्य जुटा लिए गए हैं और आरोपियों को जेल भेजते हुए आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है.