यहां कैद में क्यों भगवान? पुजारी पर FIR के विरोध में मंदिरों के कपाट बंद, सड़क पर उतरे लोग

सहारनपुर में मंदिर पुजारी पर पॉक्सो एक्ट में FIR दर्ज होने के विरोध में सवर्ण समाज सड़कों पर उतर आया है. मंदिरों के कपाट बंद कर दिए गए हैं और पूजा-पाठ ठप है. जमीन विवाद को लेकर दर्ज हुए इस मामले में ब्राह्मण व राजपूत समाज पुलिस कार्रवाई को एकतरफा बता रहा है. वे ब्राह्मण उत्पीड़न का आरोप लगाते हुए SSP कार्यालय का घेराव करने की तैयारी में हैं, जिससे प्रशासन अलर्ट पर है.

सहारनपुर में बंद हुए मंदिर

सहारनपुर के देहात कोतवाली क्षेत्र स्थित मंदिर के 65 वर्षीय पुजारी विजय तिवारी के खिलाफ एफआईआर के विरोध में सवर्ण समाज एकजुट होने लगा है. इसी क्रम में जिले के कई मंदिरों में पूजा पाठ बंद कर दिया गया है. कुछ मंदिरों में कपाट बंद कर बाहर एक नोटिस बोर्ड तक लगा दिया गया है. पुजारियों का कहना है कि मामला मंदिर की जमीन से जुड़े विवाद का था, लेकिन पुलिस ने पुजारी के ही खिलाफ पॉक्सो एक्ट में मामला दर्ज कर लिया.

इस समय सहारनपुर में कुल 1734 मंदिर हैं. पुजारियों ने इन सभी मंदिरों में पूजा-पाठ ठप करने का ऐलान किया है. इस ऐलान के बाद धीरे-धीरे सभी मंदिर बंद होने लगे हैं. शहर से लेकर देहात तक के पुलिस की इस कार्रवाई का विरोध नजर आने लगा है. कई मंदिरों में आज सुबह पूजा-अर्चना हुई. इसके बाद मंदिरों के कपाट बंद कर दिए गए. इस विरोध में पुजारियों के साथ पूरा ब्राह्मण समाज और राजपूत समाज भी आ गया है.

इसलिए एकजुट हुआ सवर्ण समाज

ब्राह्मण समाज के लोगों का आरोप है कि देहात कोतवाली क्षेत्र में मंदिर की जमीन को लेकर विवाद हुआ था. इसमें 65 वर्षीय पुजारी विजय तिवारी के खिलाफ पॉक्सो एक्ट के तहत मामला दर्ज हुआ है. उनका कहना है कि इस जमीन पर कब्जे का विवाद काफी समय से लंबित था, लेकिन अब इस विवाद को जातीय तनाव में बदलने का प्रयास किया जा रहा है. विरोध कर रहे लोगों ने भीम आर्मी पर आरोप लगाया है. कहा कि इस संगठन के दबाव में पुलिस ने बिना जांच किए सीधे पोक्सो एक्ट में मुकदमा दर्ज कर लिया.

ब्राह्मणों के उत्पीड़न के आरोप

ब्राह्मण समाज से जुड़े लोगों ने आरोप लगाया कि प्रदेश में लगातार ब्राह्मण उत्पीड़न की घटनाएं बढ़ रही हैं. अब समाज इसे आर-पार की लड़ाई के रूप में देख रहा है. प्रदर्शनकारियों का कहना है कि सरकार उनकी बात सुनने को तैयार नहीं है. ब्राह्मण समाज के नाम पर राजनीति करने वाले विधायक और मंत्री भी चुप्पी साधे हुए हैं. इसी क्रम में ब्राह्मण समाज और राजपूत समाज के लोगों ने सहारनपुर में बड़े प्रदर्शन का ऐलान किया है.

एसएसपी का करेंगे घेराव

इसके लिए सुबह 11 बजे सवर्ण समाज के लोग एकत्र होकर सहारनपुर SSP कार्यालय का घेराव करेंगे. सवर्ण समाज के इस ऐलान पर पुलिस और प्रशासन अलर्ट मोड पर आ गया है. शहर और देहात क्षेत्रों में अतिरिक्त पुलिस बलों की तैनाती की गई है. पुलिस अधिकारियों के मुताबिक पुजारियों के विरोध को देखते हुए मामले की जांच उच्च स्तर पर कराई जा रही है.

Follow Us