होलिका जलाने के लिए उठा ले गए थे छप्पर, गुस्साए युवक ने दहन से पहले ही लगा दी आग
सहारनपुर में नौगवां गांव में एक युवक ने गुस्से में समय से पहले होलिका दहन स्थल पर आग लगाने का प्रयास किया. फिलहाल, युवक को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है. पुलिस पूछताछ में युवक ने बताया कि होली लगाने के लिए कोई उसका छप्पर उठाकर लाया गया था. इसी बात को लेकर वह आक्रोशित था. ऐसे में उसने गुस्से में आकर समय से पहले होलिका में आग लगाने का प्रयास कर दिया.
सहारनपुर के अलीपुर नौगांवा में होलिका पूजन कार्यक्रम के दौरान अफरा-तफरी की स्थिति बन गई. दरअसल, यहां गुस्से में आकर एक ग्रामीण ने तय किए गए समय से पहले ही होलिका दहन स्थल पर आग लगाने का प्रयास किया. मौके पर मौजूद बीट कांस्टेबल और होलिका दहन समिति के सदस्यों ने तत्परता दिखाते हुए आरोपी को तुरंत पकड़ लिया और समय रहते स्थिति को बिगड़ने से रोक लिया.
आरोपी को हिरासत में लिया गया
घटना की सूचना मिलते ही सहारनपुर के मिर्जापुर थाना की पुलिस भी मौके पर पहुंची. आरोपी को हिरासत में ले लिया गया है. उसके खिलाफ सुसंगत धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है. आरोपी के खिलाफ आगे की कार्रवाई की जा रही है. आरोपी ने होलिका दहन स्थल पर तय किए गए समय से पहले आग लगाने की अपनी वजह भी बताई है.
आरोपी ने बताई होलिका में आग लगाने की वजह
पकड़े गए आरोपी की पहचान गांव के ही पाल्ला के रूप में हुई है. पाल्ला का कहना है कि होली लगाने के लिए कोई उसका छप्पर उठाकर लाया गया था. इसी बात को लेकर वह आक्रोशित था. उसके साथ ऐसा करने वालों को वह खोज रहा था. वे नहीं मिले तो उसने गुस्से में समय से पहले होलिका में आग लगाने का प्रयास कर दिया.
गांव में शांति व्यवस्था सामान्य
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि गांव में शांति व्यवस्था पूरी तरह सामान्य है. एहतियात के तौर पर लगातार गश्त और निगरानी की जा रही है. पुलिस ने स्पष्ट शब्दों में कहा है कि त्योहार के दौरान माहौल खराब करने वालों के खिलाफ सख्त से सख्त कार्रवाई की जाएगी. वही आधी जल चुकी होली को बुझाकर गांव के लोग दूसरी होली बनाने में जुट गए हैं. बता दें कि इस साल चंद्र ग्रहण की वजह से होलिका दहन 3 मार्च की जगह 2 मार्च को मनाया जा रहा है.