24 दिन से फरार, 25 हजार का इनाम… आखिरकार पकड़ा गया सहारनपुर फॉर्म हाउस मर्डर केस का आरोपी
8 फरवरी को सहारनपुर के बिहारीगढ़ इलाके के फॉर्महाउस में चल रही एक मीटिंग में कुछ लोगों में फायरिंग कर दी थी. इस दौरान शिवम राणा नाम के युवक की मौत हो गई थी. अब इस मामले के मुख्य आरोपी को पुलिस ने 24 दिनों बाद गिरफ्तार कर लिया है.
सहारनपुर की पुलिस को चर्चित फॉर्म हाउस हत्याकांड में बड़ी सफलता मिली है. इस मामले में वांछित और 25 हजार रुपये के इनामी शक्ति सिंह ठाकुर को गिरफ्तार कर लिया गया है. आरोपी के कब्जे से घटना में इस्तेमाल बिना नंबर वाली फॉर्च्यूनर कार को भी बरामद कर लिया गया है. शक्ति सिंह ठाकुर राजपुत करणी सेना के उत्तराखंड प्रदेश अध्यक्ष भी है.
फायरिंग में शिवम राणा की हो गई थी मौत
यह मामला 8 फरवरी 2026 का है. प्रदीप राणा नाम के एक शख्स ने पुलिस को तहरीर दी थी. तहरीर में आरोप लगाया गया था कि कुछ लोगों ने बिहारीगढ़ इलाके में एक चल रही एक मीटिंग में पहुंचकर जान से मारने की नीयत से फायरिंग की थी. इस फायरिंग में तहरीर देने वाले प्रदीप राणा के बेटे शिवम राणा, और मनीष और योगेन्द्र गंभीर रूप से घायल हो गए थे. इलाज के दौरान शिवम की मौत हो गई थी.
पुलिस ने आरोपियों पर 25 हजार का इनाम रखा था
बिहारीगढ़ थाने में इस मामले में धारा 103(1)/333/109(1)/3(5) बीएनएस के तहत मामला दर्ज किया गया था. इसमें शक्ति ठाकुर विक्की राणा सहित 4 लोगों को नामजद किया गया था. आरोपी घटना वाले दिन से ही फरार चल रहे थे. पुलिस ने चारों आरोपियों पर 25-25 हजार का इनाम घोषित किया था. इसी दौरान शक्ति ठाकुर ने अपनी कई वीडियो भी सोशल मीडिया पर वायरल की थी. इसमें उसने खुद को बेगुनाह और साजिश का शिकार बताया था.
वन विभाग की चेक पोस्ट के पास शक्ति सिंह ठाकुर गिरफ्तार
पुलिस लगातार आरोपियों को ढूंढ रही थी. बीते हफ्ते घटना में नामजद एक आरोपी अजय राणा को पुलिस ने गिरफ्तार कर जेल भेज दिया था. साथ ही अन्य आरोपियों की तलाश की जा रही थी. आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस की कई टीम यूपी उत्तराखंड ओर दिल्ली में लगातार दबिश डाल रही थी. पुलिस ने 04 मार्च को सहारनपुर के ही गणेशपुर से मोहण्ड की ओर जाने वाले मार्ग पर वन विभाग की चेक पोस्ट के पास से मुख्य आरोपी शक्ति सिंह ठाकुर को गिरफ्तार कर लिया है.
प्लाटिंग के पैसों और दो बीघा जमीन को लेकर था विवाद
गिरफ्तार शक्ति ठाकुर मूल रूप से सुल्तानपुर जनपद का निवासी है. वह वर्तमान में देहरादून जनपद के पटेलनगर थाना क्षेत्र में रह रहा था. पूछताछ के दौरान आरोपी ने बताया कि सुनील वर्मा और पंकज शर्मा के बीच प्लाटिंग के पैसों तथा शिवालिक क्षेत्र में दो बीघा जमीन को लेकर विवाद चल रहा था. इसी विवाद को लेकर 8 फरवरी को पंकज शर्मा के किराए के कॉटेज पर दोनों पक्षों की बैठक हुई थी.
कहासुनी बढ़ने पर कर दी दूसरे पक्ष पर फायरिंग
बैठक के दौरान कहासुनी हो गई थी. इस दौरान सुनील वर्मा, विक्रांत ठाकुर, अजय राणा, विकास उर्फ विक्की राणा, सलमान व अन्य लोगों के साथ मिलकर उसने पंकज शर्मा के पक्ष पर फायरिंग की थी. इसमें शिवम राणा समेत तीन लोग गोली लगने से घायल हो गए थे. बाद में शिवम राणा की मौत हो गई थी. आरोपी शक्ति ठाकुर के पास से पुलिस ने एक बिना नंबर की फॉरच्यूनर कार भी बरामद की है.
पुलिस का दावा-जल्द अन्य आरोपियों की भी होगी गिरफ्तारी
SSP अभिनंदन ने बताया कि गिरफ्तार अभियुक्त के खिलाफ कानूनी कार्रवाई पूरी कर उसे न्यायालय के समक्ष पेश किया जा रहा है .इसके अलावा इस हत्याकांड में फरार दो अन्य आरोपियों को भी जल्द गिरफ्तार कर जेल भेजा जाएगा. बता दें इस हत्याकांड के बाद से शहर में दहशत का माहौल था. पुलिस को तबसे शक्ति सिंह ठाकुर की तलाश थी. वह पुलिस से बचने के लिए लगातार अपनी लोकेशन बदल रहा था.