शिवालिक फार्म हाउस पर 15 मिनट तक चली ताबड़तोड़ गोलियां, एक की मौत; जानें पूरा मामला

सहारनपुर में शिवालिक के जंगलों में बने फार्म हाउस में ताबड़तोड़ गोली चलने से पूरा इलाका दहल उठा. इस घटना में एक की मौत हो गई जबकि दो लोग घायल हैं. बताया जा रहा है कि एक प्रॉपर्टी के विवाद के निपटारे के लिए दो पक्षों में मीटिंग चल रही थी. इस दौरान एक पक्ष ने फायरिंग कर दी.

सहारनपुर फार्महाउस गोलीकांड

सहारनपुर में थाना बिहारीगढ़ क्षेत्र में रविवार को दो पक्षों के बीच पुरानी रंजिश खून-खराबे तक पहुंच गई. शिवालिक के जंगलों में स्थित एक फार्म हाउस में दो पक्षों के बीच संपत्ति विवाद सुलझाने की बैठक थी. लेकिन इस दौरान अचानक चली गोलियों से पूरा इलाका दहल गया. करीब 15 मिनट तक चली फायरिंग में एक की मौत, जबकि दो गंभीर रूप से घायल हो गए.

दिनदहाड़े हुई इस फायरिंग से इलाके में अफरा-तफरी मच गई. जंगल का शांत इलाका गोलियों की गूंज से सहम उठा. घटना की सूचना मिलते ही थाना बिहारीगढ़ पुलिस तत्काल मौके पर पहुंची. शव को कब्जे में लिया गया और घायलों को अस्पताल भेजा. वहीं, मृतक के भाई ने हत्या का आरोप उत्तराखंड के करणी सेना प्रदेश अध्यक्ष शक्ति सिंह पर लगाया है.

ढाई बीघा जमीन को लेकर चल रहा था विवाद

फार्म हाउस गोलीकांड में साधारणसिर गांव के रहने वाले शिवम (22) की मौत हो गई है. शिवम के भाई रविंद राणा ने बताया कि उत्तराखंड के करणी सेना के प्रदेश अध्यक्ष शक्ति सिंह ओर उसके साथ आए गैंगस्टर विक्की राणा ने 15 मिनट तक गोलियां चलाई, जिसमें उसके भाई की मौत हो गई और दो अन्य लोग घायल हो गए.

रविन्द्र राणा का कहना है कि पंकज शर्मा नाम के एक शख्स का सुनील वर्मा के साथ ढाई बीघा जमीन को लेकर विवाद चल रहा था. उसी विवाद को सुलझाने के लिए मीटिंग थी. सब कुछ ठीक चल रहा था लेकिन शक्ति सिंह ओर उसके साथ आए विक्की राणा ने अंधाधुंध फायरिंग कर दी. आला अधिकारी भी मौके पर पहुंचकर लोगों से पुछताछ कर रहे हैं.

गोली चलाने वाले तीन लोग पहचान में आए- SSP

SSP अभिनंदन सिंह ने बताया कि पार्टनरशिप को लेकर विवाद हुआ है, जिसके फायरिंग की गई. शिवम नाम का युवक गोली लगने से घायल हुआ था, लेकिन इलाज के लिए ले जाते समय उसकी मौत हो गई. गोली चलाने वाले तीन लोग पहचान में आए हैं, जिनकी गिरफ्तारी के लिए टीम भेजी गई है. शव का पोस्टमोर्टम करवाया जा रहा है, आगे की जांच जारी है.