गंगा एक्सप्रेसवे पर कार का कहर, टहल रहीं महिलाओं-बच्चियों को कुचला; चार की दर्दनाक मौत
रायबरेली में निर्माणाधीन गंगा एक्सप्रेसवे पर भीषण सड़क हादसे में चार लोगों की मौत हो गई, जबकि तीन गंभीर रूप से घायल हैं. यह घटना तब हुई जब एक तेज रफ्तार कार ने टहल रही पांच युवतियों और दो महिलाओं को टक्कर मार दी. सभी मृतक और घायल एक भंडारे में शामिल होने आए थे.
रायबरेली जिले में रविवार शाम एक बार फिर तेज रफ्तार का कहर देखने को मिला. जगतपुर थाना क्षेत्र के पास निर्माणाधीन गंगा एक्सप्रेसवे पर एक कार लोगों पर काल बनकर टूटी. पांच युवतियां और दो महिलाएं एक्सप्रेस-वे पर टहल रही थीं, इस दौरान बेकाबू कार ने सभी को रौंद दिया. इस घटना में चार की मौत हो गई जबकि तीन अन्य गंभीर रूप से घायल हैं.
यह घटना चूली गांव के पास निर्माणाधीन गंगा एक्सप्रेसवे पर शाम करीब 7 बजे की है. बेकाबू कार की जोरदार टक्कर से मौके पर ही चार लोगों की दर्दनाक मौत हो गई. हादसे में घायल हुए तीन लोगों को तत्काल इलाज के लिए जिला अस्पताल भेजा गया, जहां उनका उपचार जारी है. मृतक और घायल सभी लोग एक भंडारे में शामिल होने रायबरेली आए थे.
भंडारे के बाद एक्सप्रेसवे के पास टहलने निकले थे
बताया जा रहा है कि भंडारे में शामिल होने के बाद सभी महिलाएं निर्माणाधीन एक्सप्रेसवे के पास टहलने निकले थे, तभी यह दर्दनाक हादसा हो गया. घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया. साथ ही हादसे के कारणों की जांच शुरू कर दी गई है. वहीं कार चालक फरार है.
पुलिस कार चालक की तलाश कर रही है. साथ ही यह पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है कि वाहन किस रफ्तार से चल रहा था और हादसा कैसे हुआ? इस हादसे के बाद इलाके में शोक की लहर फैल गई है. मृतकों और घायलों के परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है, सभी अस्पताल के बाहर इक्कट्ठा हैं. मौके पर भाड़ी पुलिस बल भी मौजूद है.
डीएम, एसपी समेत आला अधिकारी भी अस्पताल पहुंचे
दर्दनाक सड़क हादसे के बाद डीएम हर्षिता माथुर और एसपी रवि कुमार भी जिला अस्पताल पहुंचे हैं. उन्होंने अस्पताल में भर्ती घायलों का हालचाल जाना. साथ ही बताया कि निर्माणाधीन गंगा एक्सप्रेसवे पर कार ने 9 लोगों को कुचला था. हादसे में चार लोगों की मौके पर मौत हो गई थी. जबकी घटना में घायल पांच लोगों का इलाज चल रहा है.
