देवबंद में ATS का एक्शन, मुफ्ती जाकिर गिरफ्तार; दंगा भड़काने और पाकिस्तान लिंक के आरोप

उत्तर प्रदेश एटीएस ने देवबंद से मुफ्ती मोहम्मद जाकिर को गिरफ्तार किया है. मौलाना पर सांप्रदायिक तनाव फैलाने और दंगे भड़काने के आरोप हैं. वह सोशल मीडिया पर संवेदनशील मुद्दों को लेकर भड़काऊ पोस्ट साझा कर रहा था. वहीं, जांच में आरोपी के पाकिस्तानी नागरिकों से भी संपर्क सामने आए हैं.

देवबंद से मुफ्ती गिरफ्तार: ATS ने पाकिस्तान लिंक पर पकड़ा

उत्तर प्रदेश एंटी टेररिस्ट स्क्वाड (ATS) ने सहारनपुर के देवबंद में बड़ी कार्रवाई की है. देवबंद से मुफ्ती मोहम्मद जाकिर को गिरफ्तार किया गया है. मौलाना पर आरोप है कि वह संवेदनशील मुद्दों और राम मंदिर को लेकर लोगों को भड़काने का काम कर रहा था. मोहम्मद जाकिर अपने सोशल मीडिया पर भड़काऊ पोस्ट और आपत्तिजनक पोस्ट साझा कर रहा था.

एजेंसियों को मौलाना की गतिविधियों के बारे में लगातार इनपुट मिल रहे थे, जिसके बाद तकनीकी और गोपनीय निगरानी शुरू की गई थी. इसी क्रम में 9 अप्रैल को एटीएस की देवबंद फील्ड यूनिट प्रभारी निरीक्षक के नेतृत्व में टीम ने आरोपी को ओम विहार कॉलोनी के पास मिल फाटक क्षेत्र से गिरफ्तार किया. जांच में मौलाना के पाकिस्तानी कनेक्शन भी मिले हैं.

70-80 पाकिस्तानी नागरिकों से संपर्क में था मौलाना

एटीएस के अनुसार, आरोपी विभिन्न संवेदनशील मुद्दों जैसे SIR, CAA, NRC और राम मंदिर को लेकर दंगे भड़काने की फिराक में था. वह भड़काऊ पोस्ट से समाज में सांप्रदायिक तनाव फैलाना चाहता था. तलाशी के दौरान उसके पास से रेडमी मोबाइल फोन, जियो सिम कार्ड और 1500 रुपये नकद बरामद किए गए, जिन्हें जांच के लिए जब्त कर लिया गया है.

मौलाना सहारनपुर के नखासा बाजार का रहने वाला बताया जा रहा है. जांच में सामने आया है कि वह 70 से 80 पाकिस्तानी नागरिकों से संपर्क में थे. मोबाइल फोन और सोशल मीडिया चैट की जांच में भड़काऊ सामग्री मिलने की बात सामने आई है, जिससे यह आशंका जताई जा रही है कि वह संगठित रूप से माहौल खराब करने की साजिश में शामिल था.

आरोपी को जेल, ATS के साथ पुलिस ने शुरू की जांच

इस संबंध में एटीएस देवबंद यूनिट के प्रभारी निरीक्षक द्वारा मुकदमा दर्ज कराया गया है. आरोपी के खिलाफ बीएनएस की धारा 196 और 353(2) के तहत केस दर्ज कर उसे गिरफ्तार किया गया. पूछताछ के बाद उसे न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया. फिलहाल एटीएस उसके मोबाइल डेटा, कॉल डिटेल्स को खंगाल रही है.

अधिकारियों के मुताबिक, आने वाले समय में इस मामले में और भी अहम खुलासे हो सकते हैं. वहीं मुफ्ती जाकिर की गिरफ्तारी के बाद सहारनपुर के स्थानीय पुलिस भी अलर्ट हो गई है और मुफ्ती से संपर्क में कौन-कौन लोग थे और वह पाकिस्तान में किन-किन लोगों से जुड़ा हुआ था इसकी भी जांच अब एटीएस के साथ स्थानीय पुलिस ने शुरू कर दी है.

Follow Us