पत्नी से विवाद के बाद पानी की टंकी पर चढ़ा युवक, बेटा बुलाता रहा… आखिर डूबने से मौत
सहारनपुर में पत्नी से विवाद के बाद एक युवक शराब के नशे में पानी की टंकी पर चढ़ गया. चार घंटे तक पुलिस, परिजन और उसके मासूम बेटे की 'पापा नीचे आ जाओ' की मार्मिक गुहार के बावजूद वह नहीं माना. अंत में संतुलन बिगड़ने से वह टंकी में गिर गया, जिससे उसकी दर्दनाक मौत हो गई.
सहारनपुर में देहात कोतवाली क्षेत्र की कांशीराम कॉलोनी में मंगलवार को एक दर्दनाक घटना सामने आई. पत्नी से विवाद के बाद एक युवक शराब के नशे में पानी की ऊंची टंकी पर चढ़ गया. करीब चार घंटे तक पुलिस, स्थानीय लोगों और परिजनों ने उसे नीचे उतारने की कोशिश की, लेकिन वह नहीं माना. इस दौरान उसका पांच वर्षीय बेटा भी पुलिस के माइक से पिता को बार-बार नीचे आने की गुहार लगाता रहा. आखिरकार युवक टंकी के अंदर पानी में गिर गया, जिससे उसकी मौत हो गई.
मृतक की पहचान सदर बाजार क्षेत्र की हसनपुर चुंगी निवासी 30 वर्षीय शुभम के रूप में हुई है. बताया जा रहा है कि वह अपनी पत्नी शिवानी से मिलने कांशीराम कॉलोनी पहुंचा था. बातचीत के दौरान दोनों के बीच कहासुनी हो गई. इसके बाद गुस्से में शुभम कॉलोनी की पानी की टंकी पर चढ़ गया और नीचे आने से इनकार कर दिया.
‘पापा नीचे आ जाओ’… कहकर बुलाता रहा मासूम
घटना की सूचना मिलते ही देहात कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची. पुलिस ने लाउडस्पीकर के जरिए लगातार शुभम को समझाने का प्रयास किया. इसी बीच उसके छोटे बेटे को भी माइक दिया गया. मासूम बच्चा बार-बार “पापा नीचे आ जाओ” कहकर पिता को बुलाता रहा. बेटे की आवाज सुनकर मौके पर मौजूद लोगों की आंखें नम हो गईं, लेकिन शुभम टंकी से नीचे नहीं उतरा.
सूचना मिलने पर क्षेत्रीय पार्षद राजकुमार शर्मा भी मौके पर पहुंचे और युवक को समझाने का प्रयास किया. स्थानीय लोगों का कहना है कि शुभम पहले भी कई बार इसी तरह पानी की टंकी पर चढ़ चुका था, लेकिन हर बार उसे सुरक्षित नीचे उतार लिया गया था. इस दौरान शाम के समय अचानक शुभम का संतुलन बिगड़ा और वह टंकी के भीतर पानी में गिर गया.
युवक को नीचे उतारने का हरसंभव प्रयास किए- ASP
पुलिस और स्थानीय लोगों ने उसे बाहर निकालकर अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया. मृतक की पत्नी शिवानी ने बताया कि दोनों के बीच पहले भी विवाद हुआ था, जिसका महिला थाने में समझौता हो चुका था. इसके बावजूद शुभम का उनके पास आना-जाना जारी था. उन्होंने बताया की शुभम शराब पीने का आदी था.
ASP मनोज कुमार यादव ने बताया कि युवक को सुरक्षित नीचे उतारने के लिए हरसंभव प्रयास किए गए, लेकिन वह किसी की बात मानने को तैयार नहीं हुआ. फिलहाल परिजनों की ओर से कोई तहरीर नहीं मिली है. पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया. पोस्टमार्टम रिपोर्ट और शिकायत मिलने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी.
