सहारनपुर के ऋषभ जैन को 163वीं रैंक, IRS से IPS बने; अखिल सैन को भी UPSC में सफलता

सहारनपुर के ऋषभ जैन ने UPSC में 163वीं रैंक हासिल कर IPS बनने का सपना पूरा किया. वह पहले से ही IRS के अधिकारी हैं. वहीं, सहारनपुर के नकुड़ के अखिल कुमार सैन ने भी UPSC में सफलता पाकर परिवार और क्षेत्र का नाम रोशन किया. दोनों की यह उपलब्धि कड़ी मेहनत और पारिवारिक सहयोग का परिणाम है.

ऋषभ जैन और अखिल सैन ने UPSC में पाई शानदार रैंक

संघ लोक सेवा आयोग (UPSC) ने सिविल सेवा परीक्षा (CSE) 2025 का फाइनल रिजल्ट घोषित कर दिया है. आयोग की ओर से 958 अभ्यर्थी फिलहाल सफल घोषित किए गए हैं. वहीं इसमें सहारनपुर के रिषभ जैन और अखिल कुमार सैन ने अपना झंडा गाड़ा है. ऋषभ जैन ने 163वीं रैंक हासिल कर IPS बनने का सपना पूरा किया. वह पहले से ही IRS के अधिकारी हैं.

वहीं, जनपद के नकुड़ कस्बे के 25 वर्षीय अखिल कुमार सैन ने UPSC परीक्षा में 518वीं रैंक हासिल कर क्षेत्र और परिवार का नाम रोशन किया है. वर्तमान में अखिल कुमार, गुजरात के वडोदरा में GST विभाग में टैक्स असिस्टेंट के पद पर तैनात हैं. उन्होंने 2022 में CGL परीक्षा पास की थी. उनके पिता प्रदीप कुमार कस्बे में जनरल स्टोर की दुकान चलाते हैं.

मां की संघर्ष और मेहनत की बदौलत ही यहां तक पहुंचा- रिषभ जैन

ऋषभ जैन, सहारनपुर के राघवपुरम के रहने वाले हैं. उन्होंंने UPSC में AIR 163 हासिल कर बड़ी सफलता प्राप्त की है. इस रैंक के आधार पर उन्हें IPS कैडर मिलने की संभावना है. जैन ने साल 2023 में AIR 377 हासिल किया था, लेकिन वो संतुष्ट नहीं थे, उन्हें IRS मिला था. वह ऋषभ जैन नागपुर में Income Tax के Assistant Commissioner पद पर तैनात हैं

ऋषभ जैन ने पिछली बार रैंक अपेक्षाकृत कम आने के बाद दोबारा प्रयास किया और इस बार बेहतर रैंक हासिल कर IPS बनने का सपना पूरा किया. रिषभ जैन का पारिवारिक जीवन भी संघर्षों से भरा रहा है. उनके पिता राजतिलक जैन का वर्ष 2004 में निधन हो गया था. इसके बाद उनकी मां सुनीता जैन ने काफी संघर्ष करते हुए परिवार को संभाला.

ऋषभ जैन की मां सुनीता जैन पेशे से प्रोफेसर हैं. रिषभ जैन की पत्नी पूर्णिमा भी सिविल सेवा में अधिकारी हैं और Indian Railway Traffic Service में कार्यरत हैं. रिषभ जैन ने TV9 से वीडियो कॉल के जरिए बातचीत में कहा कि इस उपलब्धि का पूरा श्रेय वह अपनी मां को देते हैं. मां की संघर्ष और मेहनत की बदौलत ही वह IPS अधिकारी बनने के करीब पहुंच पाए हैं.

बीटेक के साथ सिविल सेवा की तैयारी में जुट गए थे अखिल कुमार

वहीं, सहारनपुर के अखिल कुमार सैन ने 518वीं रैंक हासिल कर परिवार और प्रदेश का मान बढ़ाया है. अखिल कुमार सैन नगर पालिका के पूर्व सभासद राजकुमार सैन के भतीजे हैं. उन्होंने बताया कि उनकी प्रारंभिक शिक्षा नकुड़ में ही हुई, जबकि हाईस्कूल की परीक्षा सेंट मेरी स्कूल सरसावा से पास की. इसके बाद उन्होंने कुरुक्षेत्र यूनिवर्सिटी से बीटेक पूरी की.

अखिल कुमार बीटेक के साथ ही सिविल सेवा की तैयारी में जुट गए. तैयारी के दौरान उन्होंने कई बार एनडीए की परीक्षा भी दी. साल 2022 में अखिल ने सीजीएल परीक्षा पास की, जिसके बाद उनका चयन वडोदरा में जीएसटी विभाग में टैक्स असिस्टेंट के पद पर हुआ और वर्तमान में वे वहीं कार्यरत हैं. उनके पिता प्रदीप कुमार कस्बे में जनरल स्टोर की दुकान चलाते हैं।

अखिल की इस उपलब्धि पर दादा सतपाल सिंह सैन, पिता प्रदीप कुमार और माता रीना देवी ने खुशी जाहिर करते हुए कहा कि अखिल शुरू से ही पढ़ाई में मेधावी रहा है. आज उसने यूपीएससी पास कर परिवार का सिर गर्व से ऊंचा कर दिया. अखिल कुमार सैन ने CSE 2025 में 518वीं रैंक हासिल की है. यह युवाओं को सिविल सेवा में आगे बढ़ने के लिए प्रेरित करेगी.